TRENDING TAGS :
Jalaun News: जालौन कोंच रेलवे स्टेशन का जीएम ने किया निरीक्षण, बेहतर व्यवस्थाओं पर टीम को ₹20 हजार
Jalaun News: जालौन के कोंच रेलवे स्टेशन का महाप्रबंधक (जीएम) ने निरीक्षण किया। स्टेशन की बेहतर व्यवस्थाओं और उत्कृष्ट कार्य के लिए संबंधित टीम को ₹20 हजार का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेंद्र पाल सिंह निरीक्षण यान से डीआरएम झांसी एवं अन्य अधिकारियों के साथ कोंच रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, माल गोदाम (गुड्स शेड) तथा कोंच-एट रेलवे ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने कोंच रेलवे स्टेशन की टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।
महाप्रबंधक ने बताया कि कोंच रेलवे लाइन पर एब्सोल्यूट ब्लॉक सिस्टम लागू कर दिया गया है, जिससे रेल संचालन और अधिक सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि नया गुड्स शेड लगभग तीन माह में तैयार हो जाएगा। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी, जिससे क्षेत्र में माल परिवहन की सुविधाएं बेहतर होंगी।
निरीक्षण के दौरान सिंह वाहिनी मंदिर के पास स्थित मोक्षधाम गेट से जुड़ी समस्या भी उनके समक्ष रखी गई। इस पर उन्होंने समाधान का आश्वासन देते हुए निर्देश दिए कि ट्रेन के आवागमन के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए और आवश्यकतानुसार रेलवे फाटक बंद रखा जाए।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को रेल सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय कर्मचारी मौजूद रहे।


