TRENDING TAGS :
Jalaun News: संपन्न हुई प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
Jalaun News: जालौन में प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान डीएम और एसपी ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रतियोगी परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई है। जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर कुल 2332 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 870 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।


