TRENDING TAGS :
Jalaun News: ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से क्षुब्ध विवाहिता ने लगाई फांसी, सिर से उठा मां का साया
Jalaun News: जालौन में ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में मातम छा गया, पुलिस जांच में जुटी है।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के पंडितपुर में ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम निवासी श्याम बिहारी दोहरे ने अपनी पुत्री प्रियंका की शादी वर्ष 2017 में मध्य प्रदेश निवासी युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष प्रियंका का उत्पीड़न करने लगा। प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपने मायके पंडितपुर में रहने लगी थी।
बताया जा रहा है कि, प्रियंका कई बार ससुराल गई, लेकिन उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इससे मानसिक रूप से आहत होकर उसने मायके में कमरे के पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली।
गौरतलब हो कि, मृतका के दो पुत्र हैं, जिनकी उम्र लगभग आठ वर्ष और पांच वर्ष बताई गई है। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। घटना की सूचना मृतका की मां पुष्पा देवी ने पुलिस को दी। थाना प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


