TRENDING TAGS :
Jalaun News: सिमिरिया गांव में भीषण अग्निकांड, तीन घरों का सामान जलकर राख
Jalaun News: जालौन के सिमिरिया गांव में भीषण अग्निकांड से तीन घरों का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों और दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम सिमिरिया में गुरुवार रात करीब साढ़े दस बजे अचानक लगी आग ने तीन परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया। आग की तेज लपटों ने देखते ही देखते अरविंद कुमार पुत्र बाघराज, रविकरन पुत्र ईश्वरदास और राकेश कुमार पुत्र रामसिंह के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
इस दौरान ग्रामीणों ने बाल्टियों और समरसेविल पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घरों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। अरविंद कुमार के घर में रखा सोना, नकदी, अनाज और कपड़े पूरी तरह नष्ट हो गए। वहीं रविकरन और राकेश कुमार के घरों में रखा अनाज, भूसा, बर्तन और अन्य घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
उधर, सिमिरिया गांव के पास स्थित ऐरी रामपुरा के जंगल में भी देर रात आग लग गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। वनकर्मियों ने आग को जंगल में आगे फैलने से रोक लिया। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।


