TRENDING TAGS :
Jalaun News: भाई की डांट से नाराज होकर भागा किशोर, पुराने कुएं में गिरने से मौत
Jalaun News: जालौन में भाई की डांट से नाराज होकर घर से निकला किशोर पुराने कुएं में गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पुलिस जांच में जुटी है।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम नंगवा डेरा निवासी मोहर सिंह का 13 वर्षीय पुत्र आर्यन शनिवार दोपहर घर के बाहर खेल रहा था। तेज धूप होने के कारण उसके बड़े भाई ने उसे डांटते हुए घर चलने के लिए कहा। भाई की डांट सुनकर आर्यन नाराज हो गया और वहां से दौड़ पड़ा। बड़ा भाई भी उसे रोकने और पकड़ने के लिए उसके पीछे भागा। भागते समय आर्यन घर के बाहर स्थित एक पुराने कुएं के पास पहुंच गया और अचानक संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गया।
वहीं छोटे भाई को कुएं में गिरता देख बड़ा भाई घबरा गया और दौड़कर घर पहुंचा। उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आर्यन को कुएं से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक परमेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की कोई सूचना पुलिस को नहीं मिली है। न तो किसी ग्रामीण और न ही परिजनों ने मौखिक अथवा लिखित जानकारी दी, जिसके चलते कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकी।


