TRENDING TAGS :
Jalaun News: रास्ते के विवाद में चली ईंट-पत्थर, बीच-बचाव करने पहुंची महिला की मौत
Jalaun News: जालौन में रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ईंट-पत्थर चलने के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी बाद में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में रास्ते से बाइक निकालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले, जिसमें बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी वीरेंद्र और रोहित बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे दोनों परोसा विद्युत उपकेंद्र से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव के कुछ लोगों को छोड़ने के बाद जब वे अपने घर की ओर बढ़े तो मौरम के ढेर के पास बैठे रामपाल, पूर्व प्रधान दयाराम, हल्कू और बबलू समेत अन्य लोगों से बाइक निकालने को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। शोर-शराबा सुनकर रोहित की पत्नी शशिप्रभा (28) भी मौके पर पहुंच गई और झगड़ा शांत कराने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान एक पत्थर उसके सिर पर आकर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। परिजन उसे पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल उरई ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
वहीं घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी और क्षेत्राधिकारी ए.के. सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। मृतका के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने रामपाल, दयाराम, हल्कू और बबलू के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी बताया कि मझवार गांव में हुए विवाद के बाद महिला की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


