Jalaun News: बेतवा नदी में दोस्तों संग नहाने गया युवक डूबा, 5 घंटे बाद चट्टानों के बीच मिला शव

Jalaun News: जालौन के कोटरा क्षेत्र में बेतवा नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस, गोताखोरों और एनडीआरएफ ने पांच घंटे रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किया।

Afsar Haq
Published on: 12 May 2026 6:11 PM IST
Jalaun News
X

 Jalaun News(Photo-Social Media)

Jalaun News: जालौन जिले के कोटरा थाना क्षेत्र स्थित बेतवा नदी में दोस्तों के साथ नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ टीम ने करीब पांच घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक का शव नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया मंगलवार को राहुल अहिरवार (19), पुत्र चंद्रशेखर निवासी ग्राम सरसेला थाना कालपी, अपने दोस्तों शिवम पुत्र विनोद कुमार निवासी सैदपुर थाना आटा, पंकज पुत्र लक्ष्मी अहिरवार, हेमंत अहिरवार पुत्र चंद्रप्रकाश और कपिल पुत्र उदय नारायण अहिरवार निवासी ग्राम गोरन थाना डकोर के साथ दो बाइकों से बेतवा नदी नहाने गया था।

बताया जा रहा है कि सभी युवक पहले ग्राम गोरन में आयोजित देवी यज्ञ के टेंट का सामान निकालने गए थे। वहां से काम खत्म करने के बाद सभी कोटरा स्थित बेतवा नदी पहुंच गए। युवकों ने सुरक्षित घाट पर नहाने के बजाय करीब डेढ़ किलोमीटर आगे चट्टानी और असुरक्षित क्षेत्र में नदी में उतरकर नहाना शुरू कर दिया। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे राहुल का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह तेज बहाव और गहराई में डूब गया। युवकों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। युवक जिस स्थान पर डूबा था, वहां नदी में बड़े-बड़े पत्थर और गहरी चट्टानें होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

तेज बहाव और चट्टानों के बीच करीब पांच घंटे तक लगातार खोजबीन चलती रही। काफी मशक्कत के बाद टीम ने राहुल का शव नदी से बाहर निकाल लिया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक के दोस्तों से पूछताछ करने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story