Jalaun News: पहूज नदी में नहाने गए 14 दोस्तों में तीन की डूबकर मौत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का लिया संज्ञान

Jalaun News: माधौगढ़ के गोपालपुरा में गर्मी से राहत पाने नदी पहुंचे 14 युवकों में तीन गहरे पानी में डूब गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और बचाव कार्यों में तेजी लाने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Afsar Haq
Published on: 18 Jun 2026 3:30 PM IST (Updated on: 18 Jun 2026 6:31 PM IST)
Three of 14 friends drowned in Pahuj river, Pasara Matam in Gopalpur
X

पहूज नदी में नहाने गए 14 दोस्तों में तीन की डूबकर मौत, गोपालपुरा में पसरा मातम (Photo- Newstrack)

Jalaun News: जालौन के माधौगढ़ थाना क्षेत्र में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दोस्तों के साथ पहूज नदी में नहाने और समय बिताने गए 14 युवकों में से तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने घंटों की मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद किए। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

पहूज नदी में नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत

माधौगढ़ थाना क्षेत्र के गोपालपुरा गांव के पास बहने वाली पहूज नदी में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा मे गांव के 14 युवक भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने व पार्टी मनाने पहुंचे थे। युवकों में आशीष यादव, पंकज बघेल, प्रवेंद्र बघेल, राहुल, बलराम, रंजीत, अमित, अब्बास, राकेश, उदयवीर, सैम सिद्दीकी, जगमोहन, सुमीप और अवनीभ शामिल थे।


नदी में नहाने के दौरान जगमोहन बघेल (19) पुत्र चरण सिंह, सुमीप बघेल (15) पुत्र जगदीश तथा अवनीभ यादव (20) पुत्र गंगा सिंह यादव अचानक गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों पानी में डूबकर लापता हो गए। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

तीनों युवकों के शव बरामद

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर माधौगढ़ थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तीनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले।


शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। भीषण गर्मी के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

शादी समारोह में शामिल होने आए थे तीनों युवक

हादसे से जुड़ी जानकारी में सामने आया कि मृतक युवक मध्य प्रदेश के भिंड जिले के निवासी थे। मृतकों की पहचान जगमोहन बघेल (19), सुधीर बघेल (15) और अवनीश यादव (20) निवासी ग्राम लिधौरा, जिला भिंड के रूप में हुई है।

बताया गया कि तीनों युवक 19 जून को होने वाले एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। शादी की तैयारियों और खुशियों के बीच वे अपने दोस्तों के साथ पहूज नदी में नहाने पहुंचे थे, लेकिन यह खुशी कुछ ही देर में मातम में बदल गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान

हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्यों की निगरानी की।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर दी सांत्वना

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं प्रशासन ने लोगों से नदी और अन्य जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

पूरे क्षेत्र में पसरा मातम

भीषण गर्मी के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने जालौन और आसपास के क्षेत्रों को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर जहां परिवार शादी समारोह की तैयारियों में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर अचानक हुए इस हादसे ने खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया। तीन युवकों की असमय मौत से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story