TRENDING TAGS :
Jalaun News: भीषण सड़क हादसा, पिता समेत तीन की मौत, मां गंभीर रूप से घायल
Jalaun News:भाई दूज पर टीका कराने जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदलीं, हादसे में चार वर्षीय बच्ची और 17 साल के किशोर की भी मौत, कार सवार मौके से फरार।
भीषण सड़क हादसा, पिता समेत तीन की मौत, मां गंभीर रूप से घायल (Photo- Newstrack)
Jalaun News: जालौन में भाई दूज के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे। हादसे में बाइक सवार पिता समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में चार साल की मासूम बच्ची और 17 वर्षीय किशोर भी शामिल हैं।
महोई गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महोई के पास लिफ्ट कैनाल के सामने रविवार शाम कार और बाइक की भिड़ंत हुई। हादसे की सूचना मिलते ही बंगरा चौकी प्रभारी, माधौगढ़ थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पानी से भरे गड्ढे में गिरे बाइक सवारों को बाहर निकलवाया।
इस हादसे में नृपेन्द्र सिंह (32) पुत्र मान सिंह, पार्थ (17) पुत्र रविन्द्र सिंह और मानवी (4) पुत्री राहुल वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आरती वर्मा (30) गंभीर रूप से घायल मिलीं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया गया।
भाई दूज पर टीका कराने जा रहा था परिवार
बताया गया कि नृपेन्द्र सिंह और पार्थ उरई के नया रामनगर के रहने वाले थे, जबकि मानवी झांसी जिले के बरुआसागर थाना क्षेत्र के कटरा इंदीवर नगर की निवासी थी। परिजनों के मुताबिक नृपेन्द्र भाई दूज पर मध्य प्रदेश के लहार में अपनी बहन के घर टीका कराने जा रहे थे। वहीं आरती अपनी बेटी मानवी को लेकर बरुआसागर से उरई आ रही थीं।
कार और बाइक पुलिस के कब्जे में
हादसे में शामिल सफेद रंग की किआ कार और बाइक को पुलिस ने पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया है। बताया गया कि कार सवार हादसे के बाद मौके से निकल गए। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। भाई दूज पर खुशियों के साथ शुरू हुआ सफर परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया।


