Jalaun News: मजदूरी लेकर घर लौट रहे लिफ्टर चालक की सड़क हादसे में मौत

Jalaun News: जालौन के गड़ा-बड़ागांव के पास नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह मजदूरी का भुगतान लेकर बाइक से अपने घर लौट रहा था।

Afsar Haq
Published on: 23 Jun 2026 6:05 PM IST
Lifter driver killed in road accident
X

मजदूरी लेकर घर लौट रहे लिफ्टर चालक की सड़क हादसे में मौत (Photo- Newstrack)

Jalaun News: झांसी कानपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम गड़ा-बड़ागांव के पास सड़क हादसे में एक 22 वर्षीय लिफ्टर चालक की मौत हो गई। युवक बालू घाट से मजदूरी का भुगतान लेकर बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी दुर्घटना का शिकार हो गया।

उरई शहर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर ग्राम गड़ा-बड़ागांव के समीप हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान झांसी जनपद के एरच कस्बा एवं थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय राजू निषाद पुत्र कल्याण निषाद के रूप में हुई है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से लिफ्टर चालक की मौत

जानकारी के अनुसार राजू निषाद जालौन जिले के डकोर थाना क्षेत्र स्थित बंधौली बालू घाट में लिफ्टर चालक के रूप में कार्य करता था। सोमवार को वह घाट से अपनी मजदूरी का भुगतान लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर एरच लौट रहा था। रास्ते में नेशनल हाईवे पर ग्राम गड़ा-बड़ागांव के पास किसी वाहन की टक्कर अथवा अन्य कारणों से उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर उरई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के पिता कल्याण निषाद ने बताया कि राजू अविवाहित था और मजदूरी करके परिवार का सहयोग करता था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस कर रही जांच

उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story