Jalaun: दिव्यांगता को मात देकर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में पहुंची जालौन की बेटी स्वाती

Jalaun News: जालौन की दिव्यांग खिलाड़ी स्वाती का थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित होने वाली पैरा बैडमिंटन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। डीएम ने हवाई यात्रा के लिए 41,809 रुपये की आर्थिक सहायता देकर उनका उत्साह बढ़ाया।

Afsar Haq
Published on: 5 Nov 2026 2:24 PM IST
Jalaun: दिव्यांगता को मात देकर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में पहुंची जालौन की बेटी स्वाती
X

Jalaun News

Jalaun News: हौसले बुलंद हों तो शारीरिक चुनौतियां भी मंजिल तक पहुंचने का रास्ता नहीं रोक सकतीं। इस बात को जालौन की बेटी स्वाती ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा से साबित कर दिखाया है। दिव्यांगता को पीछे छोड़कर पैरा बैडमिंटन में अपनी पहचान बनाने वाली स्वाती अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उनका चयन थाईलैंड में आयोजित होने वाली पैरा बैडमिंटन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन होने जा रहा है।

विकासखंड कोंच के अमीटा गांव निवासी कमलेश कुमार की बेटी स्वाती का चयन बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली की ओर से जारी आमंत्रण एवं चयन सूची में क्रमांक 71 पर किया गया है। वह 24 से 29 नवंबर 2026 तक बैंकॉक, थाईलैंड में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन निरंतर अभ्यास, समर्पण और खेल के प्रति जुनून का परिणाम है।स्वाती की इस उपलब्धि को देखते हुए जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति, उरई की ओर से उनकी हवाई यात्रा के खर्च के लिए 41,809 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। गुरुवार को जिलाधिकारी समीर ने अपने कार्यालय कक्ष में स्वाती को सहायता राशि का चेक सौंपा। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ी का उत्साहवर्धन करते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। स्वाती ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह साबित किया है कि सफलता की राह में शारीरिक चुनौतियां बाधा नहीं बन सकतीं। उनकी उपलब्धि अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।अब स्वाती की निगाहें बैंकॉक में होने वाली प्रतियोगिता पर टिकी हैं। जिलेवासियों को उम्मीद है कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और जालौन का गौरव बढ़ाएंगी।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

वरिष्ठ संवाददाता, जालौनafsarhaq@newstracksite.vocalwire.com

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story