Jalaun News: सूरत के कारोबारी के मुंशी से 24.90 लाख की लूट, जालौन पुलिस के तीन सिपाही हिरासत में

Jalaun News: सूरत के ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी से 24.90 लाख रुपये की लूट मामले में जांच के दौरान जालौन पुलिस लाइन के तीन सिपाही हिरासत में लिए गए, विभागीय जांच शुरू।

Afsar Haq
Published on: 12 July 2026 10:18 PM IST
Loot of Rs 24.90 lakh from Munshi of Surat businessman, three Jaloun police constables in custody
X

सूरत के कारोबारी के मुंशी से 24.90 लाख की लूट, जालौन पुलिस के तीन सिपाही हिरासत में (Photo- Newstrack)

Jalaun News: झांसी में सूरत के ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी से 24.90 लाख रुपये की कथित लूट के मामले में जालौन पुलिस लाइन में तैनात तीन सिपाहियों की संलिप्तता सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। झांसी पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

ये है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार झांसी में सूरत निवासी ड्राई फ्रूट कारोबारी जितेंद्र पटेल के मुंशी से 24.90 लाख रुपये की लूट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान जालौन पुलिस लाइन में तैनात तीन सिपाहियों के नाम सामने आने पर झांसी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

वहीं, एसपी जालौन ने तीनों के निलंबन और विभागीय जांच की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, कारोबारी जितेंद्र पटेल के मुंशी किशन पांचाल अपने सहयोगी किशन कुमार के साथ विभिन्न व्यापारियों से वसूली कर करीब 24.90 लाख रुपये लेकर स्कूटी से लौट रहे थे।

आरोप है कि मिनर्वा चौराहे के पास काले रंग की क्रेटा कार में सवार पांच लोगों ने उनकी स्कूटी रोककर दोनों को कार में बैठा लिया। आरोपियों ने करीब डेढ़ घंटे तक उन्हें शहर में घुमाया और रुपयों से भरा बैग छीनने के बाद कानपुर बाईपास के पास छोड़कर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी। जांच के दौरान जालौन पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मनोज, राघवेंद्र और नीरज के नाम सामने आए। बताया जा रहा है कि तीनों पहले झांसी में तैनात रह चुके थे और उन्हें मुंशी की गतिविधियों की जानकारी थी।

पुलिस ने बताया

एसपी जालौन विनय कुमार सिंह ने बताया कि झांसी पुलिस की जांच में तीनों सिपाहियों की संलिप्तता सामने आई है। उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा रही है तथा विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं झांसी पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और पूछताछ में जुटी है।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

वरिष्ठ संवाददाता, जालौनafsarhaq@newstracksite.vocalwire.com

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story