Jalaun News: जालौन जवारे चढ़ाने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 20 घायल

Jalaun News: जालौन में जवारे चढ़ाने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 20 लोग घायल

Afsar Haq
Published on: 19 Oct 2026 11:54 AM IST
Jalaun News
X

Jalaun News(Photo-Social Media)

Jalaun News: नवरात्र की नवमी पर जवारे चढ़ाने सैदनगर के अक्षरा देवी मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत करीब 20 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हादसे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, नवरात्र की नवमी पर श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जवारे चढ़ाने और दर्शन-पूजन के लिए कोटरा स्थित अक्षरा देवी मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान नदीगांव थाना क्षेत्र के सदुपुरा-कनासी गांव के पास ट्रैक्टर चालक अचानक वाहन से संतुलन खो बैठा। इससे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में सवार श्रद्धालु उसके नीचे और आसपास गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। दुर्घटना में करीब 20 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे और पुरुष भी शामिल हैं। सभी घायलों को सीएचसी कोंच में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी। घायल ब्रजेंद्र ने बताया कि नवमी के दिन श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से जवारे चढ़ाने और दर्शन करने के लिए मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

वरिष्ठ संवाददाता, जालौनafsarhaq@newstracksite.vocalwire.com

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story