TRENDING TAGS :
Jalaun News: परिवहन विभाग का सख्त अभियान, नियम तोड़ने वाली चार बसों पर कार्रवाई
Jalaun News: जालौन में परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाली चार बसों पर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने बुधवार को जनपद के विभिन्न मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाली चार बसों के खिलाफ चालान एवं निरुद्धीकरण की कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न मार्गों पर बसों और अन्य व्यावसायिक वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई वाहनों के दस्तावेजों की पड़ताल की गई और परिवहन नियमों के अनुपालन की स्थिति का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान चार बसें ऐसी पाई गईं जो या तो अवैध रूप से संचालित हो रही थीं अथवा परमिट की निर्धारित शर्तों का उल्लंघन कर रही थीं। विभागीय अधिकारियों ने इन वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने के साथ उन्हें निरुद्ध भी कर दिया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों और संचालकों को परिवहन नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि सभी वाहन स्वामी और चालक अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें। इनमें परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, कर जमा प्रमाण पत्र और पंजीयन प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बिना वैध दस्तावेजों के संचालन या परमिट शर्तों के विपरीत चलने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का वातावरण उपलब्ध हो सके।


