Jalaun News: उरई तहसील में एंटी करप्शन टीम का छापा, कानूनगो समेत दो गिरफ्तार

Jalaun News: उरई तहसील परिसर में झांसी एंटी करप्शन टीम ने छापेमारी कर कानूनगो संदीप तिवारी समेत दो लोगों को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी है।

Afsar Haq
Published on: 15 May 2026 5:22 PM IST
Anti-corruption team arrests two in Urai tehsil
X

उरई तहसील में एंटी करप्शन टीम का छापा, कानूनगो समेत दो गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Jalaun News: जालौन के उरई तहसील परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब झांसी से पहुंची एंटी करप्शन टीम ने अचानक छापेमारी कर एक कानूनगो समेत दो लोगों को पकड़ लिया। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि तहसील परिसर में मौजूद कर्मचारी और आम लोग कुछ देर के लिए समझ ही नहीं पाए कि आखिर मामला क्या है। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे परिसर में इस कार्रवाई की चर्चा शुरू हो गई।

जानकारी के मुताबिक उरई तहसील में तैनात कानूनगो संदीप तिवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार और रिश्वत लेने की शिकायत एंटी करप्शन विभाग को मिली थी। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने पूरे मामले की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर झांसी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर तहसील परिसर में छापा मारा और कानूनगो संदीप तिवारी सहित एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।

तहसील परिसर में मचा हड़कंप

एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां मौजूद कर्मचारी अचानक हुई कार्रवाई को देखकर हैरान रह गए। आम लोगों में भी इस घटना को लेकर काफी चर्चा होती रही। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने की कोशिश करते रहे।

कार्रवाई के दौरान एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि टीम काफी समय से शिकायत के आधार पर नजर बनाए हुए थी और सही समय का इंतजार कर रही थी। जैसे ही मौका मिला, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों लोगों को पकड़ लिया।

एट थाने में पूछताछ जारी

बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए एट थाना ले जाया गया है। वहां एंटी करप्शन टीम उनसे गहन पूछताछ कर रही है। टीम इस मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।

फिलहाल एंटी करप्शन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। वहीं उरई तहसील में हुई इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में भी खलबली मची हुई है। आमजन इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी पहल मान रहे हैं और इसे प्रशासन की सख्त कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story