जालौन में 23 करोड़ की पंप कैनाल का उद्घाटन, 425 हेक्टेयर खेतों तक पहुंचेगा पानी

Jalaun News: जालौन में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पंप कैनाल का उद्घाटन किया। इससे 625 किसान परिवारों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। 2027 चुनाव पर भी दिया बड़ा बयान।

Afsar Haq
Published on: 25 Nov 2026 6:09 PM IST
जालौन में 23 करोड़ की पंप कैनाल का उद्घाटन, 425 हेक्टेयर खेतों तक पहुंचेगा पानी
X

Jalaun News: प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बुधवार को जालौन पहुंचे, जहां उन्होंने यांत्रिक सिंचाई विभाग की ओर से करीब 22 से 23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पंप कैनाल परियोजना का उद्घाटन किया। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के 625 किसान परिवारों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। करीब 425 हेक्टेयर कृषि भूमि तक पानी पहुंचाने के लिए आठ किलोमीटर लंबी नहर और 25 कुलावों का निर्माण कराया गया है।

उद्घाटन के दौरान जलशक्ति मंत्री ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य नदी के बाएं तट पर स्थित क्षेत्र के किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं को दूर करना है। अब किसानों को खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इससे रबी समेत अन्य फसलों की पैदावार बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में बुंदेलखंड में नहरों, राजकीय नलकूपों और लघु डाल नहर परियोजनाओं के माध्यम से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया गया है। केन-बेतवा लिंक परियोजना से भी आने वाले समय में क्षेत्र में जल उपलब्धता बेहतर होगी।

वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अगला चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ईमानदार नेतृत्व और कानून का राज है। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार में लोग शाम पांच बजे के बाद घरों से निकलने में डरते थे, जबकि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है।

मंत्री ने दावा किया कि योगी सरकार ने पारदर्शिता के साथ युवाओं को नौकरियां दी हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और औद्योगिक परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़े हैं और पलायन में कमी आई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, मजदूरों और आम जनता के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

वरिष्ठ संवाददाता, जालौनafsarhaq@newstracksite.vocalwire.com

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story