TRENDING TAGS :
जालौन में तालाब में डूबकर महिला की मौत, मंदिर के पास हादसे की आशंका
Jalaun News: जालौन के अकबरपुर इटौरा गांव में तालाब में डूबने से शांति देवी की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
Jalaun News: आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा गांव में रविवार दोपहर एक महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। महिला घर से गुरु रोपण मंदिर के पास स्थित तालाब किनारे गई थीं। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब में शव उतराता देख परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, अकबरपुर इटौरा निवासी हरि सिंह यादव की पत्नी शांति देवी रविवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकली थीं। वह गांव में गुरु रोपण मंदिर के पास स्थित तालाब किनारे पहुंचीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरीं। आसपास किसी के मौजूद नहीं होने के कारण घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं हो सकी। कुछ देर बाद परिजन उन्हें तलाशते हुए तालाब किनारे पहुंचे तो पानी में उनका शव उतराता दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही आटा थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महिला के शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पड़ोसियों के अनुसार, शांति देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। बताया कि वह पहले भी घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थीं, लेकिन उस समय परिजनों ने उन्हें बचा लिया था।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई की मोर्चरी भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिलाष मिश्रा ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


