TRENDING TAGS :
Jalaun News: वेटर से सिपाही बने पवन, हाथों में खाने की ट्रे, रिजल्ट के बाद भी निभाई जिम्मेदारी
Jalaun News: उरई के होटल में खाना परोसते समय पवन ने मोबाइल पर देखा रिजल्ट। चयन की खबर के बाद भी पूरी की ड्यूटी, मेहनत और जिम्मेदारी की पेश की मिसाल।
वेटर से सिपाही बने पवन, हाथों में खाने की ट्रे, रिजल्ट के बाद भी निभाई जिम्मेदारी (Photo- Newstrack)
Jalaun News: मेहनत, ईमानदारी और जिम्मेदारी की मिसाल पेश करने वाले पवन राजावत की कहानी इन दिनों चर्चा में है। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही बनने का सपना देख रहे पवन को जब अपने चयन की खुशखबरी मिली, तब वह उरई के एक होटल में ग्राहकों को खाना परोस रहे थे। हाथों में खाने की ट्रे और मोबाइल पर खुला रिजल्ट देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हालांकि, सफलता की खबर मिलने के बाद भी उन्होंने अपनी ड्यूटी बीच में नहीं छोड़ी और जिम्मेदारी पूरी करने के बाद ही नौकरी छोड़ने का फैसला किया।
मैनपुरी से शुरू हुआ सफर
मूल रूप से मैनपुरी के रहने वाले पवन राजावत ने दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई अपने गृह जनपद से पूरी की। इसके बाद उन्होंने स्नातक की पढ़ाई की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कानपुर चले गए। पवन ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में हिस्सा लिया था और लंबे समय से अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान खाली बैठने के बजाय उन्होंने काम करने का फैसला किया और करीब दो महीने पहले उरई के सूर्य होटल में वेटर की नौकरी शुरू कर दी।
रिजल्ट में नाम देखकर नहीं हुआ यकीन
बुधवार को पवन रोज की तरह होटल में ग्राहकों को खाना परोस रहे थे। इसी बीच उन्हें पुलिस भर्ती का परिणाम जारी होने की जानकारी मिली। करीब एक घंटे बाद उन्होंने वेबसाइट खोलकर अपना रिजल्ट देखा। सूची में अपना नाम देखकर पहले उन्हें यकीन नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने करीब 200 दोस्तों से भी परिणाम चेक कराया। जब चयन की पुष्टि हुई तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लंबे समय से की जा रही मेहनत आखिरकार रंग लाई थी।
सफलता के बाद भी नहीं छोड़ी जिम्मेदारी
पवन ने चयन की खबर मिलते ही होटल का काम छोड़कर जाने के बजाय पूरे दिन और रात अपनी ड्यूटी की। अगले दिन होटल का हिसाब-किताब पूरा करने के बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी।
पवन की कहानी बताती है कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। मेहनत और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाना ही इंसान की असली पहचान है। अब खाने की ट्रे संभालने वाले पवन जल्द ही खाकी वर्दी पहनकर उत्तर प्रदेश पुलिस में अपनी नई जिम्मेदारी निभाएंगे।


