Jalaun News: पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

Jalaun News: जालौन के उरगांव गांव में घरेलू कलह और पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी, पुलिस मामले की जांच में जुटी।

Afsar Haq
Published on: 23 May 2026 3:52 PM IST
Youth commits suicide, child in family Kohram
X

पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम (Photo- Newstrack)

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में घरेलू कलह से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

पत्नी के जाने के बाद तनाव में रहने लगा था युवक

जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उरगांव निवासी 27 वर्षीय गौरव पुत्र राजकिशोर खेती के साथ मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। करीब तीन साल पहले उसकी शादी जूली के साथ हुई थी।

परिजनों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। कामकाज और शराब पीने को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। आए दिन होने वाले विवाद के चलते करीब एक साल पहले पत्नी मायके चली गई थी।

कई बार मनाने की कोशिश की, लेकिन नहीं लौटी पत्नी

परिजनों का कहना है कि पत्नी के मायके जाने के बाद गौरव लगातार परेशान रहने लगा था। उसने कई बार पत्नी को वापस बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। इसी बात से वह मानसिक तनाव में रहने लगा और धीरे-धीरे शराब का आदी हो गया।

कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात गौरव अपने कमरे में सोने गया था। शनिवार सुबह काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो उसके भाई सौरभ को चिंता हुई। भाई ने कमरे में जाकर देखा तो गौरव फंदे पर लटका हुआ था।

यह देख परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story