यूपी सियासत में आज ‘बड़ा दिन’! ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित न होने पर निकाली ‘जन आक्रोश महिला पद यात्रा’, CM योगी भी मौजूद

Lucknow Protest: लखनऊ में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर विपक्ष के विरोध के खिलाफ भाजपा द्वारा ‘जन आक्रोश महिला पद यात्रा’ का आयोजन किया गया।

Shishumanjali kharwar
Published on: 21 April 2026 10:19 AM IST (Updated on: 21 April 2026 10:19 AM IST)
CM Yogi Adityanath
X

CM Yogi Adityanath

Lucknow Protest: राजधानी लखनऊ में मंगलवार को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर विपक्ष के विरोध के खिलाफ भाजपा द्वारा ‘जन आक्रोश महिला पद यात्रा’ का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर विधान भवन तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के खिलाफ महिलाओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को आरक्षण नहीं मिलेगा तो सपा और कांग्रेस को वोट भी नहीं मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में महिलाएं विपक्ष को करारा जवाब देंगी।

वहीं भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने न केवल इस अधिनियम का विरोध किया, बल्कि सदन में इसका जश्न भी मनाया। उन्होंने कहा कि इस रवैये से जनता खासकर महिलाओं में नाराजगी है और विपक्ष को इसके लिए माफ नहीं किया जाएगा। इस पदयात्रा में भाजपा के साथ-साथ कई सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने लखनऊ और बाराबंकी में बैठकों के जरिए व्यापक रणनीति बनाई थी, ताकि अधिक से अधिक महिला संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

लखनऊ के बाद 28 अप्रैल को वाराणसी में इससे भी बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस पदयात्रा को देखते हुए शहर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। हजरतगंज, जीपीओ और विधानसभा मार्ग सहित 11 प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया। सुबह 6 बजे से ही यातायात व्यवस्था में बदलाव कर दिया गया था, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। इसके अलावा आसपास के जिलों से आने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई और शहर के बॉर्डर पर भी सुचारू ट्रैफिक के लिए विशेष प्रबंध किए गए। कुल मिलाकर यह पदयात्रा महिलाओं की भागीदारी और राजनीतिक संदेश के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Content Writer Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story