Jaunpur News: महिला आरक्षण विरोध पर सपा घिरी, भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

Jaunpur News: जौनपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ प्रदर्शन कर महिला आरक्षण विरोध पर विपक्ष को घेरा और नारेबाजी की।

Nilesh Singh
Published on: 12 May 2026 5:13 PM IST
SP Ghiri, BJP Womens Front demonstrate against womens reservation
X

महिला आरक्षण विरोध पर सपा घिरी, भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन (Photo- Newstrack)

Jaunpur News: जौनपुर में संसद में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल का विरोध किए जाने को लेकर मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा और महिला कार्यकर्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। जिला मंत्री अंशु कुशवाहा के नेतृत्व में महिला जन आक्रोश अभियान के तहत लोहिया पार्क परिसर में समाजवादी पार्टी और सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सपा के खिलाफ नारेबाजी की और सपा मुर्दाबाद के नारे लगाए।

महिला विरोधी सोच उजागर होने का लगाया आरोप

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचीं महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रागिनी सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करके समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अपनी महिला विरोधी सोच को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी आने वाले चुनाव में इसका करारा जवाब देगी। रागिनी सिंह ने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का विरोध सपा और अन्य विपक्षी दलों को वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारी पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को राजनीति में मजबूत भागीदारी देने के लिए लगातार काम कर रही है, जबकि विपक्षी दल महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े दिखाई दे रहे हैं।

बाबू सिंह कुशवाहा से पूछे गए सवाल

जिला मंत्री अंशु कुशवाहा ने कहा कि आज सभी महिलाएं एक बेहद गंभीर विषय को लेकर यहां एकत्र हुई हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्र की भाजपा सरकार ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लाकर महिलाओं को उनका हक और सम्मान देने का काम कर रही है, वहीं दूसरी तरफ जौनपुर में ऐसे लोग सांसद बनकर बैठे हैं जिनके राजनीतिक इतिहास और संरक्षण में महिलाओं के हितों की हमेशा अनदेखी होती रही है।

अंशु कुशवाहा ने कहा कि आज महिलाएं बाबू सिंह कुशवाहा से कुछ कड़े सवाल पूछने के लिए यहां आई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के मुद्दे पर अब महिलाएं चुप बैठने वाली नहीं हैं।

सपा पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप

भाजपा महिला कार्यकर्ता सुमन पांडेय ने समाजवादी पार्टी पर महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की माताओं, बहनों और बेटियों को राजनीति में मजबूत भागीदारी देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन सपा नेताओं ने इसका विरोध करके अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर कर दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार फैसले ले रही है, लेकिन विपक्षी दल महिलाओं को उनका अधिकार मिलने से रोकना चाहते हैं।

गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करने का संकल्प

प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगी और भाजपा सरकार की महिला हितैषी योजनाओं और नीतियों की जानकारी देंगी।

महिलाओं ने कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाएं अपने अधिकारों को समझें और राजनीति में अपनी भागीदारी को मजबूत करें।

विपक्ष पर बिल रोकने का आरोप

नीलम अग्रहरि ने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें मजबूत बनाना चाहती थी, लेकिन विपक्षी सांसदों को यह अच्छा नहीं लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने बिल का विरोध करके उसे पास नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा भी इसमें शामिल थे, इसलिए महिलाएं धरना प्रदर्शन के माध्यम से उनका विरोध करने पहुंची हैं।

बड़ी संख्या में मौजूद रहीं महिला कार्यकर्ता

इस मौके पर विमला श्रीवास्तव, मिलन श्रीवास्तव, राखी सिंह, सुशीला सिंह, निशी सोनकर, पूनम, पूजा, शान्ति, मीता, मंगला, आशा, सुमन, सुभाना, लीलावती, विमला विन्द, विमला मौर्य, रुपा अग्रहरि, प्रीति, संगीता, सुशीला विश्वकर्मा, विमला, चन्दकला, मुन्नी देवी, दुलारी, गायती, सुमन सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story