×

Jaunpur News: IAS से एक्टर बने अभिषेक सिंह ने जौनपुरवासियों को दी बड़ी सौगात, अयोध्या के लिए चलाई फ्री बस सेवा

Jaunpur News: अभिषेक सिंह ने जौनपुर से अयोध्या के लिए निशुल्क बस सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने अपने तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के इसकी जानकारी देने के साथ-साथ अखबारों में भी इसका इश्तहार दिया है।

Shree Krishan Choudhary
Published on: 31 Jan 2024 11:34 AM GMT
IAS turned actor Abhishek Singh gave a big gift to the people of Jaunpur, ran free bus service for Ayodhya
X

IAS से एक्टर बने अभिषेक सिंह ने जौनपुरवासियों को दी बड़ी सौगात, अयोध्या के लिए चलाई फ्री बस सेवा: Photo- Social Media

Jaunpur News: देश की सबसे प्रतिष्ठित नौकरी (आईएएस) से इस्तीफा देकर मनोरंजन जगत में किस्मत आजमाने उतरे अभिषेक सिंह लगातार खबरों में बने हुए हैं। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से पूरा देश का माहौल राममय है। ऐसे समय में जौनपुर के रामभक्तों को उन्होंने बड़ी सौगात दी है। अभिषेक सिंह ने जौनपुर से अयोध्या के लिए निशुल्क बस सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने अपने तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के इसकी जानकारी देने के साथ-साथ अखबारों में भी इसका इश्तहार दिया है।

मुफ्त में रामलला के होंगे दर्शन

जौनपुर जनपद के लोग अब मुफ्त में अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन कर सकेंगे। अभिषेक सिंह ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि हर दिन जौनपुर से पांच बसें अयोध्या के लिए चलाई जाएंगी। इनका नाम जौनपुर निषाद रथ रखा गया है। जौनपुर के चौकियाधाम से खुलने वाली ये बसें एक ही दिन में रामलला के दर्शन कराकर भक्तों को वापस ले आएंगी।

इन बसों के जरिए यात्रा के लिए भक्तों को पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा, जिसके लिए एक व्हाट्सएप नंबर (7800011101) जारी किया गया है। रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से फ्री होगा। बसें सुबह सात बजे जौनपुर से निकलेंगी और 10 बजे अयोध्या पहुंचेंगी। सुबह 10 से शाम चार बजे तक रामलला के दर्शन और मंदिर के भ्रमण का समय दिया जाएगा। इसके बाद बसें जौनपुर के लिए रवाना होंगी और रात 10 बजे यहां पहुंचेंगी।



क्या अब अभिनेता से नेता बनेंगे अभिषेक सिंह?

जौनपुर के रहने वाले अभिषेक सिंह के इस कदम के सियासी मायने में निकाले जा रहे हैं। आईएएस की नौकरी से इस्तीफा देकर एक्टिंग की दुनिया में प्रवेश करने वाले सिंह क्या सियासत में भी हाथ आजमाएंगे, इसकी चर्चा काफी समय से है। जौनपुर से अयोध्या के बीच मुफ्त बस सेवा की घोषणा ने इन कयासों को और बल दिया है। हालांकि, फिलहाल उनकी ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

पिछले साल अभिषेक सिंह ने गणेश उत्सव का आयोजन किया था, जिसमें बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी शामिल हुए थे। जिसके बाद से अटकलें लगने लगीं कि सिंह आगामी लोकसभा चुनाव में जौनपुर से भाजपा के टिकट पर मैदान में उतर सकते हैं। वैसे भी वर्तमान में इस सीट पर बसपा सांसद श्याम सिंह यादव का कब्जा है। बीजेपी को इस सीट पर एक मजबूत और लोकप्रिय प्रत्याशी की तलाश है, जिसकी भरपाई शायद अभिषेक सिंह कर सकते हैं। हाल ही में उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी दिल्ली में मुलाकात की है।



Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story