Jaunpur News: जौनपुर में ग्राम प्रधान गिरफ्तार, गोशाला के 62 लाख रुपये के हस्तांतरण का आरोप

Jaunpur News: जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र की दमौदरा ग्राम पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में ग्राम प्रधान अजीत कुमार सिंह उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया गया है।

Neelesh Singh
Published on: 20 Oct 2026 10:05 PM IST
Jaunpur News: जौनपुर में ग्राम प्रधान गिरफ्तार, गोशाला के 62 लाख रुपये के हस्तांतरण का आरोप
X

Jaunpur News

Jaunpur News: रामपुर थाना क्षेत्र की दमौदरा ग्राम पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में ग्राम प्रधान अजीत कुमार सिंह उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया गया है। मामला गोशाला के लिए आवंटित धनराशि के कथित हस्तांतरण और मनरेगा के तहत अमृत सरोवर की खुदाई एवं सुंदरीकरण के कार्य में अनियमितता के आरोपों से जुड़ा है। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा है।

उपलब्ध विभागीय दस्तावेजों के अनुसार, ग्राम प्रधान अजीत कुमार सिंह और तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव संदीप कुमार के खिलाफ 18 सितंबर 2026 को रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 316(5) का उल्लेख किया गया है।

गोशाला की धनराशि के हस्तांतरण का आरोप

विभागीय जांच आख्या में आरोप लगाया गया था कि ग्राम पंचायत में संचालित अस्थायी गोआश्रय स्थल के लिए वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के दौरान कुल 62,30,849 रुपये की धनराशि दर्ज थी। जांच में इस धनराशि को ग्राम प्रधान की माता के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाने का मामला कथित वित्तीय अनियमितता के रूप में सामने आया था।

मनरेगा कार्य में भी अनियमितता के आरोप

मामले में मनरेगा के तहत अमृत सरोवर की खुदाई और सुंदरीकरण के कार्य में भी अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। विभागीय जांच के अनुसार, कार्य में मजदूरों के बजाय जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किए जाने और मजदूरी मद में 28,81,900 रुपये के भुगतान को लेकर सवाल उठाए गए थे।इन आरोपों के सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर ग्राम प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों पर अंतिम जांच पूरी होने तक रोक लगाने का आदेश भी जारी किया गया था। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और अब गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है।

पुलिस कर रही विधिक कार्रवाई

इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना के दौरान वित्तीय अभिलेखों, धनराशि के हस्तांतरण और तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव की भूमिका की भी जांच की जाएगी।फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि और संबंधित व्यक्तियों की जिम्मेदारी का निर्धारण जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगा।

Neelesh Singh
ABOUT THE AUTHOR

Neelesh Singh

neeleshsinghjaunpur@gmail.com
Next Story