TRENDING TAGS :
नीरव हत्याकांड : पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने पहुंचे ‘बाबा दुबे’, एक लाख की आर्थिक सहायता सौंपी
Jaunpur News: जौनपुर के बदलापुर में नीरव सिंह हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिले पूर्व विधायक ओमप्रकाश दुबे ‘बाबा’, एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी।
Jaunpur Neerav Singh Murder Case
Jaunpur News: तिलवारी गांव निवासी स्वर्गीय नीरव सिंह की नृशंस हत्या से शोक में डूबे परिवार के बीच बुधवार को बदलापुर के पूर्व विधायक ओमप्रकाश दुबे ‘बाबा’ पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पूर्व विधायक ने आश्रितों के भरण-पोषण के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी सौंपी।
परिजनों की पीड़ा देखकर पूर्व विधायक भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि नीरव सिंह की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार खुद को अकेला न समझे। एक जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहे।
पूर्व विधायक ने कहा कि जघन्य हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।गौरतलब है कि 4 नवंबर की रात नीरव सिंह अपने साथियों के साथ शाहगंज-बदलापुर मार्ग स्थित सरोखनपुर अंडरपास के पास मौजूद थे।
आरोप है कि पुरानी रंजिश और विवाद को लेकर कुछ लोगों ने उन पर ईंट-पत्थर और लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीरव सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां 5 नवंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।इस मौके पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और ग्रामीण मौजूद रहे। उन्होंने पूर्व विधायक द्वारा पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।


