Jaunpur News: पुलिसकर्मियों पर रिश्वत और उत्पीड़न का आरोप, महिला ने DM से लगाई न्याय की गुहार

Jaunpur News : जौनपुर में महिला ने पुलिस पर रिश्वत और उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए डीएम से न्याय की गुहार लगाई, जांच की मांग।

Nilesh Singh
Published on: 17 May 2026 11:09 AM IST
Jaunpur News: पुलिसकर्मियों पर रिश्वत और उत्पीड़न का आरोप, महिला ने DM से लगाई न्याय की गुहार
X

Jaunpur News

Jaunpur News: जौनपुर के सरपतहां थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिसकर्मियों पर रिश्वत मांगने, गाड़ी कब्जे में लेने और बैटरी गायब करने का गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पट्टीनरेन्द्रपुर निवासी रूबीना पत्नी मोहम्मद शेराज ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि दिसंबर 2025 में रात करीब 2 बजे चौकी प्रभारी पट्टीनरेन्द्रपुर उनके घर पहुंचे। महिला के अनुसार पुलिस उनके पति को पुराने मुकदमे के वारंट के सिलसिले में पकड़ने आई थी, लेकिन पति घर पर मौजूद नहीं थे। आरोप है कि इसके बाद चौकी प्रभारी घर के बाहर खड़ी बैटरी चालित ऑटो रिक्शा की चाबी लेकर वाहन अपने साथ ले गए।

महिला का कहना है कि अगले दिन जब वह वाहन छुड़ाने चौकी पहुंची तो उससे 20 हजार रुपये की मांग की गई। पैसे न दे पाने पर वाहन को थाना सरपतहाँ भेज दिया गया और उसे लावारिस में दाखिल कर दिया गया। बाद में महिला ने अदालत का सहारा लिया और 27 फरवरी 2026 को वाहन रिलीज कराने का आदेश प्राप्त किया।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कोर्ट आदेश के बावजूद थाना पहुंचने पर सिपाही अंकित राय और राधेश्याम यादव ने वाहन छोड़ने के एवज में फिर 20 हजार रुपये मांगे। काफी विनती के बाद मामला 10 हजार रुपये में तय हुआ, जिसके बाद महिला ने दोनों पुलिसकर्मियों को 5-5 हजार रुपये दिए।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह वाहन लेकर जाने लगी तो ऑटो की बैटरी गायब मिली। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि ज्यादा बोलने पर वाहन भी जब्त कर लिया जाएगा और उसके पति को फर्जी मुकदमों में फंसा दिया जाएगा।पीड़िता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story