TRENDING TAGS :
Jaunpur News: पूर्वांचल विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, प्रो. राकेश कुमार सिंह से बदलाव की उम्मीद
Jaunpur News: जौनपुर के पूर्वांचल विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिला है। प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति से विश्वविद्यालय में बदलाव की उम्मीद जगी है।
Jaunpur News(Photo-Social Media)
Jaunpur News: वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में कुलपति पद पर बड़ा बदलाव हुआ है। कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रोफेसर प्रो. राकेश कुमार सिंह को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष का होगा। राजभवन, लखनऊ से 17 अगस्त 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि कुलाधिपति ने उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 12 की उपधारा-1 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति की है।
पिछली कुलपति थीं प्रो. वंदना सिंह
प्रो. राकेश कुमार सिंह से पहले प्रो. वंदना सिंह वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति थीं। वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रह चुकी हैं। अब उनके स्थान पर दिल्ली की तकनीकी विश्वविद्यालय से जुड़े प्रो. राकेश कुमार सिंह को जिम्मेदारी मिलने से विश्वविद्यालय में नई कार्यशैली और बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
तकनीकी पृष्ठभूमि वाले कुलपति से नई दिशा की उम्मीद
प्रो. राकेश कुमार सिंह के सामने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, तकनीकी शिक्षा, रोजगारपरक पाठ्यक्रम, परीक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने जैसी कई चुनौतियां रहेंगी। दिल्ली के तकनीकी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में उनके अनुभव को देखते हुए विश्वविद्यालय में डिजिटल शिक्षा, तकनीकी नवाचार और शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने की उम्मीद की जा रही है।
हालांकि नए कुलपति के सामने सबसे बड़ी चुनौती विश्वविद्यालय की मौजूदा व्यवस्थाओं को समझते हुए उन्हें बेहतर बनाना होगी। छात्र हित, समय पर परीक्षाएं एवं परिणाम, शोध की गुणवत्ता, शिक्षकों की समस्याएं और विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की व्यवस्थाओं पर भी उनकी कार्यशैली का असर देखने को मिलेगा। अब आने वाला समय देखना है कि प्रो. राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कितना बदलाव आता है और वह विश्वविद्यालय को शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्तर पर किस नई दिशा में ले जाते हैं।


