Jaunpur News: 27 अगस्त को पीयू में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन

Jaunpur News: 27 अगस्त 2026 को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।

Neelesh Singh
Published on: 24 Aug 2026 5:31 PM IST
Jaunpur News: 27 अगस्त को पीयू में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन
X

Jaunpur News

Jaunpur News: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को कुलपति प्रो. वंदना सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय और मेरा युवा भारत (MY Bharat), जौनपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशन में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, डॉ. शशिकांत यादव ने बताया कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर परिसर और राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर को कैटेगरी-ए में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए चुना गया है। यहां लाइव प्रसारण के साथ-साथ टू-वे (दो-तरफा) कम्युनिकेशन की सुविधा उपलब्ध होगी।वहीं, सल्तनत बहादुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बदलापुर, जौनपुर और महात्मा गांधी शती स्मारक महाविद्यालय, गरुआ, मकसूदपुर, गाजीपुर को कैटेगरी-बी में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए चुना गया है। यहां लाइव प्रसारण के साथ वन-वे (एक-तरफा) कम्युनिकेशन की सुविधा उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:00 बजे प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से होगी, जिसका देशभर के जनपदों में एक साथ प्रसारण किया जाएगा। इस अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का स्वागत संबोधन होगा। साथ ही राष्ट्रीय खेल दिवस पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।युवा अधिकारी श्री तन्मय मोहन ने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय खिलाड़ी के साथ मॉडरेटेड परिचर्चा, उपस्थित जनप्रतिनिधियों का संबोधन तथा युवाओं के विचार, दृष्टिकोण एवं आकांक्षाओं को जानने के लिए 15 मिनट का ‘युवा संवाद’ सत्र आयोजित किया जाएगा।

युवा संवाद में प्रतिभागी चार प्रमुख विषयों पर अपने सुझाव रखेंगे। इनमें देश में खेल पारितंत्र को सुदृढ़ बनाना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, शासन-व्यवस्था में युवा नेतृत्व एवं सहभागिता तथा विकसित भारत के लिए युवाओं को सशक्त बनाना शामिल हैं।कार्यक्रम में युवाओं को मेरा भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के NSS कार्यक्रम अधिकारियों और मेरा युवा भारत के जिला संयोजकों ने जनपद के छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से 27 अगस्त को आयोजित इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

Neelesh Singh
ABOUT THE AUTHOR

Neelesh Singh

neeleshsinghjaunpur@gmail.com
Next Story