TRENDING TAGS :
Jaunpur News: नवागत बीएसए समीर ने संभाला कार्यभार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बताया प्राथमिकता
Jaunpur News: जौनपुर के नवागत बीएसए समीर ने कार्यभार संभालते हुए परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाओं को प्राथमिकता बताया।
Jaunpur News
Jaunpur News: जनपद के नवागत बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचने पर विभागीय अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों एवं विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद बीएसए समीर ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पहली बैठक कर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली, विद्यालयों की स्थिति तथा चल रही योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से जनपद के परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति और आधारभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर नवागत बीएसए ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की सभी योजनाओं को पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध ढंग से लागू कराया जाएगा, ताकि उनका लाभ सीधे विद्यार्थियों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कराया जाएगा तथा शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, बेहतर शिक्षण वातावरण और विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बीएसए समीर ने कहा कि जनपद की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से टीम भावना के साथ कार्य किया जाएगा।इस दौरान कार्यालय सहायक विंध्यवासिनी उपाध्याय, राजू सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी नीरज पटेल, शिक्षा अधिकारी बसंत शुक्ला, शिक्षा अधिकारी आनंद सिंह, पूर्व ईआरपी महेंद्र यादव सहित विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे। नवागत बीएसए के आगमन से शिक्षा विभाग में नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।


