Jaunpur News: एसडीएम की फटकार पर बवाल, शिक्षक का वीडियो वायरल, DM से होगी शिकायत

Jaunpur News: भर्ती परीक्षा के दौरान एसडीएम और शिक्षक के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, शिक्षक संघ ने इसे सम्मान का मुद्दा बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

Neelesh Singh
Published on: 14 Jun 2026 8:39 PM IST
Talk about SDMs flash, teachers video goes viral, DM will complain
X

एसडीएम की फटकार पर बवाल, शिक्षक का वीडियो वायरल, DM से होगी शिकायत (Photo- Newstrack)

Jaunpur News: जौनपुर। राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता पद के लिए रविवार को आयोजित भर्ती परीक्षा के दौरान टीडी पीजी ला कॉलेज परीक्षा केंद्र पर उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केराकत के एसडीएम सुनील कुमार द्वारा शिक्षक डॉ प्रशांत कुमार को कथित रूप से सार्वजनिक रूप से फटकार लगाने का मामला सामने आया। परीक्षा समाप्त होने के कुछ ही घंटों बाद संबंधित शिक्षक ने सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज के साथ अपना पक्ष साझा करते हुए गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और शिक्षक के बयान को लेकर शिक्षा जगत में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। शिक्षक संगठनों ने इसे एक शिक्षक की गरिमा और सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के व्यवहार पर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग घटना को लेकर पक्ष-विपक्ष में अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान किसी बात को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट और शिक्षक डॉ प्रशांत कुमार के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि एसडीएम ने परीक्षा केंद्र पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और अभ्यर्थियों के सामने शिक्षक को कठोर शब्दों में फटकार लगाई, जिससे शिक्षक स्वयं को अपमानित महसूस कर रहे हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद शिक्षक ने सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए अपना वीडियो बयान जारी कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

घटना के बाद जिले के शिक्षक संगठनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सूत्रों के अनुसार सोमवार को टीडी कॉलेज शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात कर एसडीएम केराकत सुनील कुमार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करेगा। शिक्षक नेताओं का कहना है कि यदि किसी प्रकार की शिकायत थी तो उसका समाधान संस्थागत तरीके से किया जाना चाहिए था, न कि सार्वजनिक रूप से किसी शिक्षक की गरिमा को ठेस पहुंचाकर।

उधर प्रशासन की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Neelesh Singh
ABOUT THE AUTHOR

Neelesh Singh

Next Story