TRENDING TAGS :
राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर का भव्य अभिनंदन, बोले- आज भी भाजपा का सामान्य कार्यकर्ता हूं
Jaunpur News: राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार गृह जनपद पहुंचे विद्यासागर सोनकर का सम्मान, कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह के संयोजन में जुटे भाजपा नेता और गणमान्य लोग।
राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर का भव्य अभिनंदन, बोले- आज भी भाजपा का सामान्य कार्यकर्ता हूं (Photo- Newstrack)
Jaunpur News: जौनपुर। राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचे विद्यासागर सोनकर का रविवार को तिलकधारी सिंह महाविद्यालय के बलरामपुर सभागार में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन एवं पूर्व एमएलसी कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस समारोह में जिले के बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों और भाजपा नेताओं ने पहुंचकर उनका स्वागत किया।
राज्यसभा पहुंचने के बाद भी खुद को बताया सामान्य कार्यकर्ता
समारोह के मुख्य अतिथि विद्यासागर सोनकर ने कहा कि देश के सर्वोच्च सदन राज्यसभा का सदस्य बनने के बाद भी वह खुद को भाजपा का एक सामान्य कार्यकर्ता ही मानते हैं। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही वह संगठन और जनसेवा से जुड़े रहे हैं। सभासद, लोकसभा सदस्य और संगठन के अलग-अलग दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने हमेशा जनता के बीच रहकर काम किया है। आगे भी राज्यसभा की जिम्मेदारी निभाने के साथ अपने लोगों के बीच रहकर कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जो एक सामान्य कार्यकर्ता को भी बड़े दायित्व सौंपकर आगे बढ़ने का अवसर देती है। गृह जनपद में मिला यह सम्मान उनके लिए आशीर्वाद के समान है।
नेताओं ने चार दशक के राजनीतिक सफर को सराहा
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने विद्यासागर सोनकर के चार दशक लंबे राजनीतिक सफर का उल्लेख किया। उन्होंने राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी। वहीं, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू ने भी उनके राजनीतिक और संगठनात्मक योगदान की सराहना की।
समारोह की अध्यक्षता गोरखपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने की। उन्होंने विद्यासागर सोनकर की कार्यक्षमता और संगठन के प्रति उनके समर्पण की प्रशंसा की।
समारोह में जुटे भाजपा के वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जौनपुर अजीत प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष विनोद राय, समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू और पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक चले इस कार्यक्रम का संचालन शिक्षक डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव ने किया। समारोह में पहुंचे अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके साथ ही उन्हें अंगवस्त्र, गुलदस्ता और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में आयोजक कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


