Jhansi News: एक लाख की रिश्वत लेते प्रदूषण विभाग का जेई गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों दबोचा

Jhansi News: बांदा में उत्तर प्रदेश विजिलेंस की झांसी सेक्टर टीम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में तैनात जेई सलमान खान को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

Gaurav kushwaha
Published on: 2 Nov 2026 7:32 PM IST
Jhansi News: एक लाख की रिश्वत लेते प्रदूषण विभाग का जेई गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों दबोचा
X

Jhansi News

Jhansi News: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की झांसी सेक्टर की ट्रैप टीम ने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय, बांदा में तैनात अवर अभियंता (जेई) सलमान खान को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि जेई ने ग्रेनाइट क्रशर प्लांट का सर्वे करने और नोटिस पर कार्रवाई न करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया।

बांदा निवासी एक व्यक्ति ने उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस), झांसी सेक्टर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ग्रेनाइट क्रशर प्लांट का संचालक है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 18 जून 2026 को क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय, बांदा की ओर से बिना सर्वे किए उसे व्हाट्सएप के माध्यम से नोटिस भेजा गया था। इसके बाद क्षेत्रीय अधिकारी ने उसे फोन कर कार्यालय में मिलने के लिए कहा।शिकायतकर्ता जब क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय अधिकारी श्रीमती माधवी कमलवंशी से मिलने पहुंचा तो उन्होंने उसे अपने कार्यालय में तैनात जेई सलमान से मिलने के लिए कहा। इसके बाद जब वह सलमान से मिला तो जेई ने कथित तौर पर कहा कि जारी किए गए नोटिस पर कोई कार्रवाई न करने के लिए मैडम को एक लाख रुपये देने होंगे।

शिकायतकर्ता ने जब रकम को अधिक बताया तो जेई ने कथित तौर पर कहा कि इससे कम में काम नहीं होगा और उसे यही निर्देश मिले हैं। इस पर शिकायतकर्ता ने तत्काल रकम उपलब्ध न होने की बात कहते हुए बाद में व्यवस्था करके मिलने की बात कही।शिकायतकर्ता ने विजिलेंस अधिकारियों को बताया कि वह जेई सलमान को रिश्वत नहीं देना चाहता, बल्कि उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार करवाना चाहता है।शिकायत पर गोपनीय जांच कराई गई, जिसमें आवेदन में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसपी विजिलेंस राजेंद्र प्रसाद और सीओ विजिलेंस नईम खान के निर्देशन में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, झांसी की ट्रैप टीम ने कार्रवाई की। टीम ने सलमान, जेई, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय, इंदिरा नगर, बांदा को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी जेई को कोतवाली नगर, बांदा पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले में उसके खिलाफ बांदा कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

इन नंबरों पर दे सकते हैं भ्रष्टाचार की सूचना

सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ओर से भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई राजपत्रित या अराजपत्रित अधिकारी अथवा कर्मचारी (लोकसेवक) किसी वैध कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत रिश्वत विरोधी हेल्पलाइन नंबर 9454401866 और 9454401863 पर की जा सकती है।

इस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में विजिलेंस टीम प्रभारी ए.के. सिंह, निरीक्षक सुरेंद्र सिंह, निरीक्षक नीरज सिंह, इंस्पेक्टर शेषमणि, उपनिरीक्षक सूरज सिंह, मुख्य आरक्षी सुरेश कुमार, गजेंद्र सिंह और कांस्टेबल विजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story