TRENDING TAGS :
Jhansi News: भिंड रेलवे स्टेशन पर माल परिवहन की स्थायी सुविधा शुरू हुई
Jhansi News: व्यापारियों, किसानों और उद्यमियों को मिलेगा किफायती रेल परिवहन का विकल्प, आवक और जावक दोनों तरह के माल की ढुलाई हो सकेगी।
भिंड रेलवे स्टेशन पर माल परिवहन की स्थायी सुविधा शुरू हुई (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। भिंड एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा माल परिवहन की सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भिंड रेलवे स्टेशन पर माल परिवहन की स्थायी सुविधा प्रारंभ कर दी गई है। इस सुविधा के शुरू होने से अब क्षेत्र के व्यापारियों, किसानों, उद्यमियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने उत्पादों और व्यापारिक वस्तुओं के परिवहन के लिए भारतीय रेल का एक सुविधाजनक, किफायती एवं भरोसेमंद माध्यम उपलब्ध हो गया है।
भिंड रेलवे स्टेशन से अब इनवर्ड (आवक) एवं आउटवर्ड (जावक) दोनों प्रकार के माल परिवहन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से भिंड तक माल मंगाने के साथ-साथ यहां से देश के विभिन्न गंतव्यों तक व्यापारिक एवं अन्य अनुमन्य वस्तुओं को रेल मार्ग से भेजा जा सकेगा। इससे स्थानीय व्यापारियों को अपने कारोबार का विस्तार करने और व्यापक बाजारों तक पहुंच बनाने में सुविधा मिलेगी। वहीं, किसानों एवं उद्यमियों को भी अपने उत्पादों के परिवहन के लिए एक बेहतर विकल्प प्राप्त होगा।
इस सुविधा के अंतर्गत कोयला, स्टील, लोहा तथा पेट्रोलियम एवं ऑयल उत्पादों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार की अनुमन्य वस्तुओं की लोडिंग एवं अनलोडिंग की जा सकेगी। इससे कृषि उत्पादों, खाद्य सामग्री, व्यापारिक वस्तुओं एवं विभिन्न प्रकार के औद्योगिक उत्पादों के परिवहन की संभावनाओं का विस्तार होगा। रेल परिवहन के माध्यम से बड़ी मात्रा में माल की ढुलाई संभव होने से व्यापारियों को परिवहन की बेहतर योजना बनाने, आपूर्ति व्यवस्था को सुगम बनाने तथा लॉजिस्टिक्स संबंधी खर्चों को नियंत्रित करने में सहायता मिल सकेगी।
भिंड रेलवे स्टेशन पर माल परिवहन की स्थायी सुविधा उपलब्ध होना क्षेत्र के आर्थिक विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इससे भिंड एवं आसपास के क्षेत्रों को भारतीय रेल के व्यापक माल परिवहन नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही, स्थानीय व्यापार एवं उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने, नए व्यावसायिक अवसर विकसित होने तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि क्षेत्र के व्यापारियों, किसानों, उद्यमियों, औद्योगिक इकाइयों एवं व्यापारिक संगठनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भिंड रेलवे स्टेशन पर प्रारंभ की गई है ।इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाना चाहिए तथा अपने माल के परिवहन के लिए रेल सेवा को अपनाना चाहिए। इस सुविधा का प्रभावी उपयोग न केवल स्थानीय व्यापार के विस्तार में सहायक होगा, बल्कि क्षेत्र को देश के विभिन्न व्यापारिक केंद्रों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


