TRENDING TAGS :
Jhansi News: झांसी में बीडा मुआवजा मिलने के बाद युवक प्रेमिका संग फरार, पत्नी ने थाने में लगाई गुहार
Jhansi News: झांसी के इमलिया गांव में बीडा मुआवजे की रकम मिलने के बाद युवक अपनी प्रेमिका संग फरार हो गया। पत्नी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, पुलिस जांच में जुटी।
Jhansi News(Photo-Social Media)
Jhansi News: रक्सा क्षेत्र के इमलिया गांव में बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीआईडीए) से मुआवजे की बड़ी रकम मिलने के बाद एक युवक अपनी कथित प्रेमिका के साथ लापता हो गया। पिछले करीब एक सप्ताह से दोनों का कोई सुराग नहीं लगने पर युवक की पत्नी ने थाने पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आठ साल का रिश्ता टूटने का आरोप
पीड़ित पत्नी रुचि ने बताया कि उसका पति नीलेश पिछले आठ साल से उसके साथ वैवाहिक जीवन में था और दोनों का एक छह साल का बेटा भी है। लेकिन अचानक वह घर छोड़कर चला गया। महिला का आरोप है कि बीआईडीए से मुआवजे की रकम मिलने के बाद उसके पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया।रुचि के अनुसार, परिवार के पास जमीन अधिग्रहण के बदले लगभग एक करोड़ रुपये का मुआवजा आया था, जिसमें पति के हिस्से में करीब 25 लाख रुपये आए। इसके बाद से ही उसके पति का रहन-सहन और व्यवहार बदलने लगा।
प्रेम संबंध और घर छोड़ने का आरोप
पत्नी का आरोप है कि मुआवजे की रकम मिलने के बाद पति का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध गहरा हो गया। धीरे-धीरे उसने पत्नी और परिवार से दूरी बना ली। कुछ दिन पहले वह कथित रूप से उस युवती के साथ घर छोड़कर चला गया। तब से दोनों का कोई पता नहीं चल सका है, जिससे परिवार परेशान है।
अचानक आई रकम से बिगड़े रिश्ते
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बीआईडीए परियोजना के तहत मुआवजे की बड़ी रकम मिलने के बाद कई परिवारों में बदलाव देखने को मिला है। जहां कुछ लोगों ने कारोबार और मकान बनाए, वहीं कई घरों में तनाव और विवाद की स्थिति भी बढ़ी है।
पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार
पति के लापता होने के बाद रुचि अपने छह साल के बेटे के साथ अकेली रह गई है। उसने पुलिस से पति को खोजने और न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
रक्सा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है और जांच शुरू कर दी गई है। दोनों की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है और आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।


