Jhansi News: बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में नशा मुक्त युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित

Jhansi News: राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित युवा कनेक्ट कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

Gaurav kushwaha
Published on: 27 July 2026 7:59 PM IST
Drug Free Youth Connect Program held at Bundelkhand University
X

 बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में नशा मुक्त युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित (Photo- Newstrack)

Jhansi News: बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" युवा कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय एवं उत्तरदायी भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने और सामाजिक परिवर्तन का वाहक बनने का आह्वान किया।

"नशा मुक्त भारत" और "विकसित भारत" का संकल्प

राष्ट्रीय सेवा योजना की वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी व कार्यक्रम संयोजक डॉ. श्वेता पाण्डेय ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग स्वयं जागरूक होकर नशे से दूरी बनाए तथा समाज में जनजागरण का अभियान चलाए, तो "नशा मुक्त भारत" और "विकसित भारत" का संकल्प शीघ्र ही साकार हो सकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं यूथ आइकन दीक्षा चौरसिया ने कहा कि वर्तमान समय में नशा युवाओं के भविष्य के समक्ष गंभीर चुनौती बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की प्रतिभा, आत्मविश्वास और जीवन की संभावनाओं को समाप्त कर देती है। स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन ही किसी भी राष्ट्र के विकास की आधारशिला हैं।

नशे से दूर रहें और लोगों को जागरूक करें

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों, परिवार और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। मुख्य वक्ता विशाल सिंह, जिला युवा अधिकारी, माय भारत ने अपने उद्बोधन में युवाओं को माय भारत पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी।

इस अवसर पर शिव कुमार श्रीवास्तव, नशा मुक्त वॉरियर ने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को धीरे-धीरे विनाश की ओर ले जाता है। उन्होंने युवाओं को आत्मसंयम, अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि प्रत्येक युवा अपने परिवार और समाज में नशामुक्ति का संदेशवाहक बने। कार्यक्रम में डॉ. कपिल शर्मा, नोडल अधिकारी, माय भारत पोर्टल, डॉ. हरि त्रिपाठी, कार्यक्रम अधिकारी, पूजा चौरसिया, डॉ. अजय कुमार गुप्ता, डॉ. रानी शर्मा, डॉ. अंकिता शर्मा, डॉ. संतोष कुमार, गजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story