TRENDING TAGS :
Jhansi News: विशाल शर्मा का राजनीतिक ज्योतिष शास्त्र शोध अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित
Jhansi News: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के शोधार्थी विशाल शर्मा का शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय राजनीति विज्ञान संघ (IPSA-WiPS 2026) के लिए चयनित हुआ है।
Jhansi News
Jhansi News: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के शोध के गौरवशाली इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। राजनीति विज्ञान विभाग के युवा शोधार्थी और 'राजनीतिक ज्योतिष शास्त्र' (Political Astrology) के प्रणेता विशाल शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति विज्ञान संघ (IPSA) द्वारा आयोजित 'वर्क-इन-प्रोग्रेस सेशंस (International Political Science Association - Work in Progress Session, IPSA-WiPS) 2026' में स्थान बनाकर वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की प्रतिष्ठा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुनियाभर से प्राप्त सैकड़ों शोध प्रस्तावों में से केवल 188 शोध पत्रों को ही वैश्विक स्तर पर स्वीकृति मिली है। इस अत्यंत चयनित सूची में विशाल शर्मा का शोध पत्र 'स्वदेशी राजनीति' (Indigenous Politics) के क्षेत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा, विशाल शर्मा ने अपने शोध में "भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत राजनीतिक ज्योतिष शास्त्र का ब्रह्मांडीय एवं मानवीय प्रारूप" विषय पर कार्य किया है। यह शोध इस बात का अध्ययन प्रस्तुत करता है कि किस प्रकार ब्रह्मांडीय चक्र शासन व्यवस्था और राजनीतिक नीतियों को प्रभावित कर सकते हैं। यह केवल एक अकादमिक शोध पत्र नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक राजनीति विज्ञान के साथ जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
जानकारों का कहना है कि विशाल शर्मा का यह शोध आने वाले समय में विश्व को 'इंडियन नॉलेज सिस्टम' की संभावनाओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। 13 से 19 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सत्र में विशाल शर्मा का शोध प्रस्तुतिकरण भारतीय ज्ञान परंपरा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।इस अवसर पर कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने शोधार्थी को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


