Jhansi News: गांजा तस्कर को 10 साल की जेल, दो अन्य मामलों में भी सजा

Jhansi News: एनडीपीएस एक्ट में दोषी को एक लाख रुपये जुर्माना, किशोरी को भगाने के मामले में दो अभियुक्तों को तीन साल की सजा, जुए के मामले में भी लगा अर्थदंड।

Gaurav kushwaha
Published on: 21 Nov 2026 10:50 PM IST
Marijuana trafficker sentenced to 10 years in prison, also in two other cases
X

 गांजा तस्कर को 10 साल की जेल, दो अन्य मामलों में भी सजा (Photo- Social Media)

Jhansi News: झांसी। विशेष न्यायाधीश स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम [एनडीपीएस एक्ट] / अपर सत्र न्यायाधीश (एफ०टी०सी०) ओम पाल सिंह के न्यायालय ने चार साल पहले अवैध गांजा सहित पकड़े गए नशे के सौदागर को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाते हुए एक लाख रूपये के अर्थदण्ड से भी दण्डित किया ।

विशेष लोक अभियोजक दीपक तिवारी एड. ने बताया कि 06 अप्रैल 2022 को गश्त के दौरान मुखबिर ने आकर सूचना दी कि एक व्यक्ति जूट के बैग लिये भोपाल एन्ड की तरफ प्लेटफार्म नम्बर 4/5 पर निर्माणाधीन लिफ्ट के पास बैठा है जिसके पास नाजायज गाँजा है जो कहीं जाने की की फिराक में है । सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक द्वारा उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। कुछ ही देर बाद क्षेत्राधिकारी रेलवे आ गये , जिनके निर्देशन में पुलिस पार्टी ने मुखबिर के बताये अनुसार प्लेटफार्म न० 4/5 पर सीढ़ियो से उतरकर लिफ्ट के पास बैठे व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। उसने अपना नाम इनकार उर्फ आमिर खान पुत्र बेचे हसन मूल निवासी कान्हा नगला थाना बिनावर, जनपद बदायूँ (उ०प्र०) उम्र 20 वर्ष हाल निवासी नगर गडी मेड्डू थाना खजूरी उत्तर पूर्वी दिल्ली बताया ।उसके पास जूट के एक बैग में तलाशी में 8. 470 किलोग्राम गांजा तथा दूसरे बैग के अन्दर कुल 12. 860 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए नशे के सौदागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। विवेचना उपरांत आरोपपत्र न्यायालय में पेश किया गया। जहां प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर दोषसिद्ध अभियुक्त इनकार उर्फ आमिर खान को धारा-08(सी) सपठित धारा-20 (बी) (ii) (सी) एनडीपीएस एक्ट के आरोप में 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा एवं एक लाख रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया ।अर्थदण्ड अदा न करने पर तीन माह के अतिरिक्त कारावास की सजा सुनाई गयी।

किशोरी के अपहृत के मामले में अभियुक्तों को तीन साल का कारावास

न्यायालय स्पेशल पॉक्सो एक्ट ने किशोरी को बहला फुसलाकर भगाकर ले जाने के आरोप में दो अभियुक्तों को दोषी मानते हुए तीन साल का कठोर कारावास व पांच हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।

मोंठ थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसकी भांजी घर से बाजार जा रही थी, तभी दो लोग उसकी भांजी को बहला फुसलाकर भगाकर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी थी। बाद में पुलिस ने अपहृत किशोरी को बरामद कर लिया था। पुलिस ने रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम बमेर निवासी अफसर उर्फ अभी उर्फ अभिषेक व अज्जू उर्फ अजय अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ 366,363, 379, 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। इस मामले में आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया गया था। इसमें दफा 376 व पॉक्सो एक्ट की धारा नहीं पाई गई थी। अदालत ने दफा 363, 366 में दोषी मानते हुए दोनों अभियुक्तों को तीन साल का कठोर कारावास व पांच हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।

हारजीत की बाजी लगाते दो अभियुक्तों पर 200-200 रुपए का अर्थदंड

न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने हारजीत की बाजी लगाने के आरोप में दोषी मानते हुए कोतवाली थाना क्षेत्र के तलैया मोहल्ले में रहने वाले अशोक अहिरवार और विनोद कुमार को जेल में बिताई गई अवधि व 200-200 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। मालूम हो कि कोतवाली पुलिस ने अशोक अहिरवार समेत दो लोगों को हारजीत की बाजी लगाते समय गिरफ्तार किया था।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story