TRENDING TAGS :
Jhansi News: बीरपुर-सिरोनी रोड आमान परिवर्तित रेलखंड का रेल संरक्षा आयुक्त ने किया निरीक्षण
Jhansi News: ग्वालियर-श्योपुर कलां परियोजना के तहत बीरपुर-सिरोनी रोड खंड का निरीक्षण पूरा। कूनो नदी और चंबल कैनाल पुलों का जायजा लेकर संरक्षा मानकों को परखा गया।
Jhansi News: रेल संरक्षा आयुक्त उत्तर पूर्वी परिक्षेत्र ई. श्रीनिवास ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी और मजबूत रेल इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में आगे बढ़ते हुए ग्वालियर-श्योपुर कलां आमान परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत नव निर्मित बीरपुर-सिरोनी रोड आमान परिवर्तित रेलखंड का 23 किलोमीटर निरीक्षण किया। वह दो दिवसीय दौरे पर झांसी आए है। निरीक्षण के क्रम में बीरपुर स्टेशन मास्टर कक्ष में पैनल, रिले रूम सहित विभिन्न परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अजीत सिंह यादव तथा मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार उपस्थित रहे।
रेल संरक्षा आयुक्त ने आमान परिवर्तित रेलखंड पर स्थित महत्वपूर्ण पुलों का भी विस्तृत निरीक्षण किया। कूनो नदी पर निर्मित 546 मीटर लंबे कूनो ब्रिज का निरीक्षण करते हुए गार्डर, पिलर एवं अन्य संरचनात्मक हिस्सों की स्थिति का जायजा लिया गया। इसके साथ ही चंबल कैनाल पर बने मेजर ब्रिज का भी निरीक्षण किया गया और गार्डर, पिलर आदि का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा एवं निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की गई।
इस दौरान बीरपुर-सिरोनी रोड आमान परिवर्तित रेलखंड पर स्थित सिल्लीपुर हॉल्ट स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया। आज लगभग 24 किलोमीटर रेलखंड के निरीक्षण के दौरान 2 मेजर ब्रिज तथा 4 माइनर ब्रिज का निरीक्षण किया गया। रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा रेल पथ, पुलों, स्टेशन तथा सिग्नलिंग एवं परिचालन और मोटर ट्रॉली के माध्यम से निर्धारित संरक्षा मानकों के अनुरूप विस्तृत परीक्षण किया गया।
ग्वालियर-श्योपुर कलां आमान परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत बीरपुर-सिरोनी रोड रेलखंड का यह निरीक्षण रेल परिचालन शुरू किए जाने से पूर्व संरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन पहलुओं के परीक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य परियोजना प्रबंधक निर्माण संतोष गुप्ता, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव , वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर सिग्नल एवं दूरसंचार रश्मि गौतम समेत अन्य संबंधित अधिकारी , निर्माण शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


