TRENDING TAGS :
Jhansi News: सीटीआई ने यात्री को हादसे से बचाया, 50 हजार नकदी लौटाई
Jhansi News: सिथौली स्टेशन पर नींद में ट्रेन से उतर रहे यात्री को मनीष कुमार दुबे ने बचाया, दूसरे यात्री का बदला बैग खोजकर 50 हजार नकदी और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित लौटाए।
सीटीआई ने यात्री को हादसे से बचाया, 50 हजार नकदी लौटाई (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवीय संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब गाड़ी संख्या 12622 में कार्यरत सीटीआई झाँसी मनीष कुमार दुबे ने सिथौली स्टेशन पर नींद की अवस्था में ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहे यात्री को संभावित दुर्घटना का शिकार होने से बचा लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने एक अन्य यात्री का गलती से बदला हुआ बैग भी सुरक्षित वापस दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16/17 नवम्बर 2026 की रात्रि को गाड़ी संख्या 12622 में कार्यरत श्रीदुबे सिथौली स्टेशन पर गाड़ी के धीमी गति से पहुँचने के दौरान ए-1 कोच की जाँच कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर यात्री श्री अनुराग दीक्षित पर पड़ी, जो नींद एवं हड़बड़ाहट की अवस्था में झाँसी छोर की ओर से गलत दिशा में ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए श्री दुबे ने तत्काल यात्री को खींचकर वापस कोच के अंदर कर लिया। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक सुपरफास्ट ट्रेन पूरी रफ्तार से वहाँ से गुजरी। श्री दुबे की त्वरित सूझबूझ एवं सतर्कता से यात्री एक संभावित गंभीर दुर्घटना से सुरक्षित बच गए। इसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से प्लेटफॉर्म पर पहुँचाया गया।
इसी रात्रि लगभग 02:32 बजे आरपीएफ कंट्रोल, झाँसी से सूचना प्राप्त हुई कि ग्वालियर स्टेशन पर उतरने वाले एक यात्री का बैग उतरते समय ट्रेन में छूट गया है। श्री दुबे ने तत्काल संबंधित यात्री से संपर्क किया। यात्री ने बताया कि जल्दबाजी में उनसे गलती से किसी अन्य यात्री का बैग उठ गया है, जबकि उनका अपना बैग ट्रेन में ही रह गया है, जिसमें एक मोबाइल फोन, 50,000 नकद एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए हैं।
श्रीदुबे ने बिना विलंब संबंधित कोच में जाँच की तथा बैग की पहचान कर उसे सुरक्षित प्राप्त किया। लगभग 02:50 बजे गाड़ी के झाँसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर पहुँचने पर उक्त बैग यात्री के रिश्तेदार श्री राजीव रंजन मिश्रा को आरपीएफ की उपस्थिति में सुपुर्द कर दिया गया।
इस प्रकार सीटीआई मनीष कुमार दुबे ने अपनी सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं ईमानदारी से एक यात्री को संभावित दुर्घटना से बचाने के साथ-साथ दूसरे यात्री की 50,000 की नकदी एवं महत्वपूर्ण सामान से भरा बैग भी सुरक्षित वापस दिलाने में सराहनीय भूमिका निभाई। रेलवे प्रशासन इस कर्तव्यनिष्ठापूर्ण कार्य, सजगता एवं यात्री सेवा के प्रति समर्पण की सराहना करता है।


