Jhansi News: बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अनफिट वाहनों पर सख्ती- गौरांग राठी

Jhansi News: स्टंटबाजी, लापरवाही करने वालों सहित ओवरलोडिंग, अवैध डंफर आदि के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश।

Gaurav kushwaha
Published on: 29 May 2026 8:49 PM IST
Children
X

बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अनफिट वाहनों पर सख्ती- गौरांग राठी (Photo- Newstrack)

Jhansi News: झांसी। कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति/जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक/बच्चे का जीवन महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा स्कूली वाहनों से संबंधित निर्दिष्ट मानकों का सख्ती से अनुपालन किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधक यह प्रमाणित करें कि कोई भी बच्चा बिना लाइसेंस एवं बिना हेलमेट के वाहन से स्कूल नहीं आएगा, यदि स्कूल की ड्रेस में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे द्वारा बिना लाइसेंस वाहन चलाने के दौरान यदि दुर्घटना होती है तो अभिभावक /प्रधानाचार्य होंगी जिम्मेदार।

अनफिट वाहन किसी भी दशा में सड़क पर नहीं चलेंगे

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में उपस्थित प्रधानाचार्य/व्यवस्थापक एंव अध्यापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अनफिट वाहन किसी भी दशा में सड़क पर नहीं चलेंगे, यदि वाहन चलते पाए जाते हैं तो विद्यालय की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए बच्चों की सुरक्षा हेतु दिए जा रहे निर्देशों के क्रम में जो कार्रवाई की गई है उसकी जानकारी ली। उन्होंने प्रधानाचार्यों से कहा कि यदि बच्चा यातायात नियमों का उल्लंघन कर स्कूल आता है और स्टंटबाजी करता है तो तत्काल कार्रवाई करें।

बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने एआरटीओ को निर्देशित किया की समस्त विद्यालयों के स्कूली वाहनों की जांचोपरांत 48 अनफिट स्कूली वाहन किसी भी दशा में सड़क पर न चले। इसे कड़ाई से सुनिश्चित किया जाए, उन्होंने ऐसे वाहनों को सीज़ करने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्कूली वाहनों के प्राइवेट ड्राइवरों का वेरिफिकेशन एवं उनकी चिकित्सीय जांच भी कराना सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ईलाइट चौराहे पर यातायात व्यवस्था में सुधार लाए जाने के लिए वंदना स्वीट्स सहित अन्य के आसपास वाले क्षेत्र को नो पार्किंग जोन बनाए जाने के निर्देश दिए।

48 वाहन अनफिट पाए गए

जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में एआरटीओ हेमचंद्र गौतम ने बताया कि जनपद में कुल 2436 स्कूल इसमें मदरसे भी शामिल है, 2402 स्कूलों की चेकिंग कर ली गई है। स्कूली वाहनों की जांच में 48 वाहन अनफिट पाए गए हैं सभी का संचालन रोक दिया गया है।यदि उक्त वाहन सड़क पर पाए जाते हैं तो उन्हें सीज किए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।समाप्त हो गई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनबाड, एसपी आरए डॉक्टर अरविंद कुमार, अपर नगर आयुक्त राहुल यादव,अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़, डीआइओएस श्रीमती रती वर्मा, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी संदीप शर्मा, एनएचएआई सहित विभिन्न स्कूलों से आये स्कूल प्रबंधक/प्रधानाचार्य,बस एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन, आटो एसोसिएशन के पदाधिकारी व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story