Jhansi News: डीएसए ग्राउंड में फ्लड लाइट ट्रायल, एडीआरएम इलेवन की शानदार जीत

Jhansi News: डीआरएम इलेवन ने 71 रन बनाए, जवाब में एडीआरएम इलेवन ने 72 रन का लक्ष्य हासिल किया। नवीन फ्लड लाइट सुविधा से रात में भी आमजन और खिलाड़ियों को खेल के अवसर मिलेंगे।

Gaurav kushwaha
Published on: 14 Nov 2026 11:36 PM IST
Flood Light Trials at DSA Grounds, ADRM XI’s Stunning Win
X

डीएसए ग्राउंड में फ्लड लाइट ट्रायल, एडीआरएम इलेवन की शानदार जीत (Photo- Newstrack)

Jhansi News: उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी मंडल के डीएसए ग्राउंड में नवस्थापित की जा रही फ्लड लाइट व्यवस्था के ट्रायल के तहत आज पहला क्रिकेट मैच रेलवे अधिकारियों की दो टीमों – डीआरएम इलेवन एवं एडीआरएम इलेवन के मध्य खेला गया। इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले के साथ डीएसए ग्राउंड में फ्लड लाइट व्यवस्था का परीक्षण भी किया गया। फ्लड लाइट संस्थापन का कार्य वर्तमान में पूर्णता के अंतिम चरण में है तथा शेष कार्यों को शीघ्र पूरा किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मैच का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने एवं टॉस कराने के साथ हुआ। टॉस जीतकर डीआरएम इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 12 ओवर के मुकाबले में डीआरएम इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 71 रन बनाए तथा टीम के 9 विकेट गिरे। इस प्रकार एडीआरएम इलेवन के सामने जीत के लिए 72 रनों का लक्ष्य रखा गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एडीआरएम इलेवन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 72 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। फ्लड लाइट्स की रोशनी में आयोजित इस ट्रायल मैच के दौरान खिलाड़ियों एवं उपस्थित खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस परीक्षण मैच के माध्यम से रात्रिकालीन खेल गतिविधियों के लिए विकसित की जा रही प्रकाश व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया।

डीएसए ग्राउंड में फ्लड लाइट सुविधा विकसित होने से खेल गतिविधियों के लिए उपलब्ध समय और अवसरों का विस्तार होगा। इस सुविधा का लाभ केवल रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों तक सीमित न रहकर आमजन एवं खेलप्रेमियों को भी मिलेगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने तथा क्रिकेट सहित अन्य खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में सहायता मिलेगी।

मंडल खेलकूद अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक नंदीश शुक्ला ने कहा कि डीएसए ग्राउंड में फ्लड लाइट की सुविधा विकसित होना मंडल में खेल अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके प्रारंभ होने से रात्रिकालीन खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ेंगी। यह सुविधा रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन और स्थानीय खेलप्रेमियों के लिए भी लाभकारी होगी। हमारा प्रयास है कि डीएसए ग्राउंड को बेहतर खेल सुविधाओं से सुसज्जित कर अधिकाधिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story