Jhansi News: ई-रिक्शा का कहर, सड़क हादसों में आई तेजी, लापरवाही से बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा

Jhansi News: ई-रिक्शा चालकों की लापरवाही, ओवरलोडिंग और नाबालिगों की ड्राइविंग से बढ़ रहे हादसे, 2024 में 10 से बढ़कर 2026 में 36 तक पहुंचा मौतों का आंकड़ा।

Gaurav kushwaha
Published on: 15 Nov 2026 10:03 PM IST
E-rickshaw damage, road accidents, increasing number of deaths due to negligence
X

ई-रिक्शा का कहर, सड़क हादसों में आई तेजी, लापरवाही से बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा (Photo- Social Media)

Jhansi News: झांसी जिले में सड़क हादसों का पैटर्न तेजी से बदल रहा है। पहले जहां भारी वाहन और तेज रफ्तार कारें दुर्घटनाओं की मुख्य वजह थीं, अब ई-रिक्शा एक नई चुनौती बनकर उभरे हैं। इन्हें नियंत्रित करने की चर्चाओं के बीच अनियंत्रित ड्राइविंग, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के कारण इनके हादसे बढ़ रहे हैं।

झांसी यातायात पुलिस के अऩुसार दो साल में ई-रिक्शा से जुड़े दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई है। वर्ष 2024 में जहां ई-रिक्शा चालकों की लापरवाही से दस लोगों की सड़क हादसे में मौत हुई थी, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 26 पहुंच गई है। जबकि अब तक 2026 यह संख्या 36 पहुंच गई। सड़क हादसों में लोगों की मौत का बढ़ता ग्राफ इस ओर संकेत कर रहा है बिना पर्याप्त नियंत्रण और स्पष्ट नियमों के ई-रिक्शा तेजी से सड़कों पर फैलते जा रहे हैं।

हादसों की सबसे बड़ी वजह ड्राइवर का व्यवहार

यातायात पुलिस के अफसर के मुताबिक, हादसों की सबसे बड़ी वजह वाहन का आकार नहीं बल्कि चालक का व्यवहार है। ई-रिक्शा चालक अक्सर गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना संकेट अचानक मोड़ लेना, ओवरलोडिंग करना और ट्रैफिक सिग्नल की अनदेखी जैसी लापरवाहियां करते हैं। इन कारणों से न केवल अन्य वाहन चालक बल्कि पैदल यात्री भी खतरे में आ जाते हैं। कई मामलों में यह भी देखा गया है कि चालक बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण या वैध लाइसेंस के ही सड़कों पर उतर जाते हैं, जिससे जोखिम और बढ़ जाती है। ई-रिक्शा सेक्टर में कमजोर नियमन भी इस समस्या की जड़ है। इनकी संख्या पर कोई ठोस नियंत्रण नहीं है, जिसके चलते जहां-तहां इनकी भरमार देखने को मिलती है।

धड़ल्ले से नाबालिग दौड़ा रहे ई - रिक्शा

झांसी महानगर की सड़कों पर नाबालिग धड़ल्ले से ई-रिक्शा दौड़ाते देखे जा सकते हैं। इसके अलावा अधिक सवारी भरने की प्रवृत्ति भी आम है, जहां क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन चलाया जाता है। कई बार आठ से दस यात्रियों को एक ही ई-रिक्शा में बैठा लिया जाता है, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ई-रिक्शा से जुड़े हादसों में सबसे अधिक खतरा पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और दोपहिया वाहन चालकों को होता है।

यातायात माह के समापन के बाद चलेगा अभियान

सीओ यातायात रामवीर सिंह का कहना है कि नवंबर माह में यातायात माह चलाया जा रहा है। इस माह के समापन के बाद ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत चालकों का सत्यापन कराया जाएगा। जिन चालकों के खिलाफ अपराध का मुकदमा दर्ज होना पाया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अलग - अलग स्थानों पर सात लोगों की मौत

किसी ने लगाई फांसी तो किसी की सड़क हादसे में गई जान

अलग - अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई। इनमें दो लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है जबकि करंट लगने से एक युवक की मौत हुई है। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा बीमारी के चलते अज्ञात व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।

सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम अम्बावाय निवासी राजेश कुमार ने घरेलू विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, बबीना थाना क्षेत्र के न्यू चर्च के सामने रहने वाले प्रदीप साहू की 16 वर्षीय बेटी महल साहू ने गृह कलह से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों से बातचीत की मगर परिजन कुछ नहीं बता पा रहे है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। उधऱ, मध्य प्रदेश के शिवपुरी के दिनारा क्षेत्र में रहने वाला विक्रम सिंह बिजली का काम कर रहा था। अचानक करंट लगने से वह झुलस गया। झुलसी हालात में उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई।

वहीं, बड़ागांव थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति बेहोशी हालात में पड़ा मिला है। उपचार के लिए उसे मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया। यहां उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त करने की प्रयास किया मगर शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। उधर, चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम करगुंवा निवासी रघुनाथ किसान था। वह पैदल खेत की ओर जा रहा था, तभी तेज गति से आ रही गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। वहीं, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली में रहने वाले राजवली सड़क हादसे में घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मेडिकल कालेज में मौत हो गई। इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। उधऱ, शिवपुरी के दिनारा क्षेत्र में रहने वाले रोहित यादव मोटर साइकिल पर सवार होकर एक रिश्तेदारी में जा रहा था, तभी रास्ते में तेज गति से आ रहे वाहन ने मोटर साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। उपचार के लिए उसे मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story