TRENDING TAGS :
Jhansi News: नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट का कारोबार पकड़ा, कारोबारी गिरफ्तार, दो करोड़ का माल बरामद
Jhansi News: झांसी में नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट का कारोबार पकड़ा गया। पुलिस ने कारोबारी को गिरफ्तार कर दो करोड़ रुपये का माल बरामद किया।
Jhansi News(Photo-Social Media)
Jhansi News: नवाबाद थाने की पुलिस ने नकली सिगरेट का कारोबार का पर्दाफाश किया है। इस मामले में कारोबारी को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से दो करोड़ से अधिक का माल बरामद किया गया। यह कारोबारी गोल्ड फ्लेक सिगरेट के नाम पर नकली सिगरेट का धंधा कर रहा था। यह धंधा नौ साल पहले से शुरु किया था। पूरे बुंदेलखंड में नकली सिगरेट का धंधा चरम सीमा पर फैला रखा था। गोल्ड फ्लेक सिगरेट की खरीददार करने वाले लोगों की तलाश शुरु हो गई है।
दिल्ली के थाना महरौली के द्वितीय तल छतरपुर एक्सटेंशन के पास रहने वाले ऋषु मिश्रा ने आईटीसी लिमिटेड के सहयोगी कौशल कुमार दुबे और रणविजय सिंह से मिलकर नवाबाद थाने में लिखित तहरीर देते हुए बताया कि नवाबाद थाना क्षेत्र के गुमनावारा पिछोर स्थित महाराणा प्रताप नगर में रहने वाला एक व्यक्ति गोल्ड फ्लेक सिगरेट की आड़ में नकली सिगरेट का कारोबार कर रहा है। इस कारोबार से गोल्ड फ्लेक सिगरेट कंपनी को भारी नुकसान हो रहा है। इस मामले को एसएसपी विकास कुमार के संज्ञान में लाया गया। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक को मय टीम के साथ छापेमार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्देशों के तहत टीम ने महाराणा प्रताप नगर में छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई से वहां हड़कंप मच गया। मौके से नवाबाद थाना क्षेत्र के सी 69 अंसल पाम व मूल निवासी उन्नाव के थाना अचलगंज के अटवा बंधर क्षेत्र में रहने वाले श्रीनिवास मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।
यह माल हुआ बरामद
छापे के दौरान गोदाम के अंदर से तंबाकू के 81 बोरे, एक टेपिंग मशीन, फिल्टर बड के छह डिब्बे, प्रत्येक डिब्बे में दस ट्रें थीं, प्रत्येक ट्रे में लगभग एक हजार बड थे, सिगरेट रैपर के चार पूर्ण रोल, दो आधे रोल, एक आउटर पैके का डिब्बा, 32 बंडल खाली आउटर पैकेजिंग सामग्री, गोल्ड फ्लेक सिगरेट का एक बॉक्स, इसमें 50 पैकेट थे, सिगरेट की एक पेटी, 59 आउटर बाक्स आदि सामग्री शामिल है। इसकी कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है।
2017 से चल रहा था कारोबार
एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि अभियुक्त श्रीनिवास मिश्रा से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह नकली सिगरेट का कारोबार 2017 से कर रहा था। झांसी में रहकर उसने दो कमरों वाला गोदाम किराए पर ले लिया था। यहां से वह पूरे बुंदेलखंड में नकली सिगरेट की बिक्री करवाता था। तहसील स्तर पर कई एजेंसी खोल रखी थी।
गोदाम सील, मुकदमा दर्ज
इस मामले की जानकारी नायब तहसीलदार/ मजिस्ट्रेट को दी गई। उन्होंने टीम, पुलिस का सहयोग करते हुए गोदाम व संचालित फैक्ट्री को सील कर दिया है। आरोपी श्रीनिवास मिश्रा के खिलाफ दफा 318 (4), 338, 340 (2) एवं 342 बीएनएस कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 एवं 65 ट्रेड मार्क्स अधिनियम, 1999 की धारा 102, 103 एवं 104 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
इस टीम को मिली है सफलता
नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव, निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, मुख्य आरक्षी नीतू कुमार, सद्दाम अली, आशुतोष, अतुल कुमार व रवि कुमार शामिल रहे।


