Jhansi News: झांसी में ड्रोन से होगी अवैध खनन की निगरानी, रात में भी होंगे संचालित

Jhansi News: झांसी में अवैध खनन और ओवरलोडिंग रोकने के लिए डीएम गौरांग राठी ने ड्रोन निगरानी, चेकगेट अलार्म और औचक जांच के सख्त निर्देश दिए।

Gaurav kushwaha
Published on: 25 May 2026 7:28 PM IST
Surveillance of illegal mining to be done from drones in Jhansi
X

झांसी में ड्रोन से होगी अवैध खनन की निगरानी, रात में भी होंगे संचालित (Photo- Newstrack)

Jhansi News: झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन तथा ओवरलोडिंग की शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन कि उच्च प्राथमिकता है कि जनपद में अवैध खनन और परिवहन को सख्ती से रोका जाए। अवैध खनन एवं परिवहन को पूर्णतः रोकने हेतु तैनात जनपद/तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समिति को जनपद में निर्गत समस्त बालू पट्टों का शत-प्रतिशत औचक निरीक्षण किये जाने के निर्देश दिए।

जिला स्तरीय टास्कफोर्स की जूम मीटिंग में जिलाधिकारी ने दिखाए कड़े तेवर

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कार्यालय स्थित सभागार से ज़ूम ऐप के माध्यम से अवैध खनन एवं परिवहन की जिला/ तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में अध्यक्षता करते हुए अवैध खनन एवं परिवहन को सख्ती से रोके जाने के लिए जनपद में बालू ,पत्थर और मोरम सहित अन्य पट्टों की जाँच तहसील स्तर पर गठित टास्क फोर्स समिति द्वारा किए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने अवैध खनन क्षेत्र की सूची तैयार कर ड्रोन के माध्यम से निगरानी किए जाने के निर्देश दिए। ड्रोन रात में भी संचालित हों ताकि अवैध खनन पर हर संभव कार्रवाई बिना किसी प्रभाव के की जा सके।

वाहनों की औचक जांच किए जाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने जनपद में अवैध परिवहन पर पूर्णता अंकुश लगाने के लिए मुख्य मार्गों पर एम चैकगेट मानव रहित तकनीक पर आधारित स्थापित किए गए हैं, उन्होंने चेक गेट पर अलार्म को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि ओवरलोडिंग की जानकारी संबंधित थानों को मिल सके ताकि उन्हें पकड़ा जा सके। यह गेट झांसी कानपुर हाईवे पर स्थित पूंछ चेक गेट, गुरसराय से कोटरा रोड पर स्थित चेक गेट, झांसी से कानपुर मुख्य मार्ग में ग्राम-बड़ा गांव (निकटतम सेमरी टोल प्लाज़ा) एवं झांसी से ललितपुर मुख्य मार्ग में ग्राम-खैलार (निकटतम बबीना टोल प्लाजा) पर स्थित है। इसके अतिरिक्त उन्होंने 07 ऐसे मार्ग जहां से अवैध खनन की आवाजाही अधिक है, वहां पर उच्च अधिकारियों द्वारा वाहनों की औचक जांच किए जाने के निर्देश दिए।

इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार गौड़, एसपी आरए डॉ अरविंद कुमार, एसपी सिटी श्रीमती प्रीति सिंह, वरिष्ठ खनन अधिकारी शैलेंद्र सिंह सहित समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story