TRENDING TAGS :
Jhansi News: दूसरे राज्यों के अपराधियों का अड्डा, पुलिस मुठभेड़ में तीन गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
Jhansi News: झांसी में दूसरे राज्यों के शातिर अपराधियों के गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार हुए, चोरी का माल और हथियार बरामद किए गए।
Jhansi News(Photo-Social Media)
Jhansi News: झांसी में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। सीपरी बाजार थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, आभूषण, तमंचे, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले लोहे के सब्बल बरामद किए गए हैं। वहीं, गिरोह के दो सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में सीपरी बाजार थाना पुलिस चोरी की घटनाओं में शामिल बदमाशों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध अपराधी काशीराम पार्क के पीछे स्थित बंद पड़े क्रेशर के पास छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए।
राजस्थान के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र के आमली कला निवासी रामस्वरूप, बाचा बस्ती निवासी कालू उर्फ भूरा बागरिया और तहनाल निवासी सत्यनारायण उर्फ सत्तू पवार के रूप में की है। वहीं, राजस्थान के भिनाई थाना क्षेत्र के केरोठ निवासी नारायण बागरिया और शाहपुरा थाना क्षेत्र में नासरदा चौराहा के पास रहने वाला महेन्द्र बागरिया फरार होने में सफल रहे। पुलिस की टीमें दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
बंद मकानों की रेकी कर करते थे चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं और अंतर्राज्यीय संगठित चोरी गिरोह का हिस्सा हैं। गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों और जिलों में बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर लोहे के सब्बलों की मदद से ताले और दरवाजे तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद गिरोह के सदस्य बरामद नकदी और सामान को आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने फरार साथियों नारायण बागरिया और महेन्द्र बागरिया के साथ मिलकर 2 अगस्त 2026 को सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मुंशीराम कम्पाउंड स्थित एक बंद मकान में चोरी की बात भी स्वीकार की है।
नकदी और आभूषण समेत हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी से संबंधित नकदी और आभूषण भी बरामद किए हैं। बरामद सामान में 12,790 रुपये नकद, पीली धातु की तीन अंगूठियां और सफेद धातु की दो जोड़ी बिछिया शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा, 12 बोर का एक देशी तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। चोरी की वारदात में इस्तेमाल होने वाले तीन लोहे के सब्बल भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब गिरोह के फरार दोनों सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं और उसके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। अंतर्राज्यीय गिरोह के सामने आने के बाद पुलिस दूसरे जिलों और राज्यों में हुई चोरी की घटनाओं से भी इसके तार जोड़कर जांच कर रही है।


