Jhansi News: डीएलएसए सचिव ईशा त्रिपाठी ने कार्यभार संभालकर अंतिम व्यक्ति तक न्याय पर जोर दिया

Jhansi News: झांसी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती ईशा त्रिपाठी ने कार्यभार ग्रहण करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने पर जोर दिया।

Gaurav kushwaha
Published on: 14 May 2026 6:36 PM IST
Jhansi News: डीएलएसए सचिव ईशा त्रिपाठी ने कार्यभार संभालकर अंतिम व्यक्ति तक न्याय पर जोर दिया
X

Jhansi News

Jhansi News: उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेशानुसार सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती ईशा त्रिपाठी द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया गया। सचिव पद पर नियुक्ति के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय परिसर में एक परिचयात्मक बैठक एवं मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यालय के समस्त कर्मचारीगण, लीगल ऐड डिफेंस काउंसिल एवं पराविधिक स्वयंसेवकों (PLV) ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सचिव श्रीमती ईशा त्रिपाठी द्वारा कार्यालय में उपस्थित समस्त कर्मचारीगण से परिचय प्राप्त करते हुए उनके कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी ली गई। तत्पश्चात जनपद न्यायाधीश श्रीमती कमलेश कच्छल के निर्देशानुसार पराविधिक स्वयंसेवकों के साथ एक दिवसीय मासिक प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान सचिव द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं, लोक अदालतों, विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रमों तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। बैठक में उपस्थित पराविधिक स्वयंसेवकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, प्राप्त प्रार्थना पत्रों, लंबित प्रकरणों एवं जनसमस्याओं से संबंधित विवरण प्रस्तुत किए गए। सचिव द्वारा प्रत्येक प्रकरण एवं अभिलेख का गंभीरतापूर्वक अवलोकन किया गया तथा आवश्यक सुधार एवं प्रभावी कार्यवाही के संबंध में दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक पराविधिक स्वयंसेवक अपने-अपने क्षेत्र में अधिक सक्रिय रहकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विधिक सहायता एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ पहुँचाना सुनिश्चित करें।

सचिव द्वारा विशेष रूप से महिला अधिकारों, बाल संरक्षण, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, घरेलू हिंसा, निःशुल्क विधिक सहायता, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, श्रमिक अधिकार, साइबर अपराध जागरूकता एवं विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में आमजन को जागरूक किए जाने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि पराविधिक स्वयंसेवक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं समाज के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं, अतः उन्हें संवेदनशीलता, ईमानदारी एवं पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

इसके अतिरिक्त विधिक सेवा कार्यों में सक्रिय सहयोग प्रदान करने, जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने एवं विधिक जागरूकता शिविरों में सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया। माननीय सचिव महोदया द्वारा यह भी कहा गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है तथा इसके लिए सभी कर्मचारियों एवं पराविधिक स्वयंसेवकों का समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समस्त प्रतिभागियों द्वारा विधिक सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी, जनोपयोगी एवं व्यापक बनाए जाने का संकल्प लिया गया तथा सचिव का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बैठक में वरिष्ठ सहायक आदिल जाफरी, प्रतीक समाधिया, अजितेंद्र तिवारी, दीपक मणि त्रिपाठी एवं अजय राठौर उपस्थित रहे।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story