TRENDING TAGS :
हाथ-पैर काटकर जलाया…पायल और साड़ी से हुई पहचान, फोन कॉल के बाद निकली लोकगायिका का शव मिलने से सनसनी
Lovely Kushwaha Murder Case: उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित बंगरा क्षेत्र में बुंदेली लोकगायिका लाड़कुंवर उर्फ लवली की हत्या के बाद शव जलाकर नाले में फेंकने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से जला मोबाइल, शराब की बोतलें समेत कई साक्ष्य बरामद किए हैं।
Lovely Kushwaha Murder Case: उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित बंगरा क्षेत्र के पठाकरका गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सूखे नाले में एक महिला का बुरी तरह जला शव पड़ा मिला। बाद में शव की पहचान बुंदेली लोकगीत गायिका लाड़कुंवर कुशवाहा उर्फ लवली के रूप में हुई। हत्या के बाद शव को जलाकर फेंके जाने की इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। वहीं पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मामले के खुलासे के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।
खेतों की ओर जा रहे किसानों ने देखा जला शव
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह गांव के कुछ किसान खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सूखे नाले के पास उन्हें जलने के निशान दिखाई दिए। अनहोनी की आशंका होने पर जब ग्रामीण पास पहुंचे तो वहां एक महिला का बुरी तरह जला शव पड़ा मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि हाथ-पैर शरीर से अलग जले हुए पड़े थे।
घटना की सूचना तुरंत ग्राम प्रधान जगदीश कुशवाहा को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया गया।
पायल और साड़ी से हुई लवली की पहचान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस शव की पहचान नहीं कर सकी थी। बाद में मोहनलाल कुशवाहा अपने बेटों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पायल, अंगूठी, साड़ी और चप्पल के आधार पर शव की पहचान लाड़कुंवर कुशवाहा उर्फ लवली के रूप में की।
लवली बुंदेली लोकगीत गायिका थी और कार्यक्रमों के सिलसिले में अक्सर बाहर जाया करती थी। उसकी मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक और दहशत का माहौल बन गया।
फोन कॉल के बाद घर से निकली थी लवली
परिवार के लोगों ने बताया कि गुरुवार शाम करीब सात बजे लवली के मोबाइल फोन पर किसी का कॉल आया था। वह फोन पर बात करते हुए घर से बाहर निकली थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। देर रात तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की।
पूरी रात खोजबीन के बाद शुक्रवार सुबह शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की गई।
शराब की बोतलें और जला मोबाइल बरामद
परिवार का आरोप है कि लवली को किसी ने बुलाकर उसकी हत्या की और बाद में पहचान छिपाने व साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला दिया गया। पुलिस को घटनास्थल के पास एक खेत से कई अहम चीजें भी मिली हैं।
मौके से शराब की बोतलें, बियर की केन, नमकीन के पैकेट, एक जला हुआ मोबाइल फोन, साड़ी का टुकड़ा और दुपट्टा बरामद हुआ है। इन सामानों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि आरोपित पहले वहां रुके थे और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
गांव में देर रात दिखी थी सफेद कार
घटना के बाद गांव में देर रात एक सफेद कार देखे जाने की चर्चा भी सामने आई है। पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से लेकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों तक पहुंचा जा सके।
2022 में हत्या के मामले में जा चुकी थी जेल
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि वर्ष 2022 में लाड़कुंवर कुशवाहा उर्फ लवली पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। वह करीब दो साल जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आई थी। पुलिस अब उसके पुराने मामलों और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने गठित की दो टीमें
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। मामले के खुलासे के लिए दो पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।


