TRENDING TAGS :
Jhansi News: स्मार्ट मीटर के श्रेय पर झांसी कांग्रेस में संग्राम, नेताओं के बीच खुलकर छिड़ी जंग
Jhansi News : स्मार्ट मीटर मुद्दे पर श्रेय लेने की होड़ में झांसी कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी कलह, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज
Jhansi News : उत्तर प्रदेश में चुनाव नजदीक आ गया है और ऐसे में पार्टी की छवि बनाकर चुनाव में जनता को अपनी ओर रिझाने की कोशिश करने की जगह काफी समय से कांग्रेस के पदाधिकारी और नेता आपस की खींचतान में ही लगे हैं। इससे जनता में कांग्रेस की छवि और ही बिगड़ती जा रही है। इसके तहत कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री के मध्य काफी समय से चल रहा शीत युद्ध समय समय पर उबाल पर आ जाता है, जिसमें पूर्व मंत्री तो शांत रहते हैं, लेकिन उनकी तरफ से संगठन के लोग ही जिलाध्यक्ष के खिलाफ खड़े हो जाते हैं।
पूर्व में भी जिलाध्यक्ष एक बार पूर्व मंत्री को लेकर पत्र लिख चुके हैं, जिसके खिलाफ कांग्रेस के अनुसूचित जाति मोर्चा ने सामने आकर पूर्व मंत्री के पक्ष में जिलाध्यक्ष का विरोध किया था। अब एक बार फिर राज्य सरकार द्वारा स्मार्ट प्री पेड मीटर को पोस्ट पेड किए जाने के बाद उसका श्रेय लेने को कांग्रेस में रार छिड़ गई है। इस बार कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अनुशासन समिति को पत्र लिखकर पूर्व मंत्री की शिकायत की है। इधर, कांग्रेस के अनुसूचित मोर्चा ने उप्र कांग्रेस अध्यक्ष को जिलाध्यक्ष के खिलाफ पत्र लिखा है।
अनुशासन समिति को जिलाध्यक्ष ने लिखा पत्र
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष देशराज रिछारिया ने अनुशासन समिति झांसी के अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा है कि कांग्रेस पार्टी बिजली के स्मार्ट मीटर के खिलाफ लंबी लड़ाई बड़े स्तर से लड़ रही है। इसमें झांसी के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अपने पोस्टर और बैनर में कांग्रेस के किसी भी वरिष्ठ नेताओं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्यक्ष की फोटो नहीं लगाते हैं। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री और जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर कार्रवाई की मांग की गई है।
जिलाध्यक्ष के खिलाफ पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग
कांग्रेस के अनुसूचित मोर्चा ने उप्र कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पत्र लिखकर कहा है कि जिला कांग्रेस कमेटी जनपद झांसी के अध्यक्ष देशराज रिछारिया द्वारा अपने एक वर्ष के कार्यकाल में संगठन को मजबूत करने के लिए अभी तक कोई कार्य नहीं किया गया है। बल्कि उन्होंने विपक्षी लोगों के इशारे पर अपने लेटर पैड के माध्यम से पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के खिलाफ भ्रामक एवं तथ्यहीन आरोप सार्वजनिक रूप से लगाते रहते हैं। 25 दिसंबर 2025 को एक पत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम लिखकर उसे समाचार पत्रों में प्रकाशित कराया था, जिससे पार्टी की काफी बदनामी हुई थी।
विगत दिनों प्रीपेड स्मार्ट मीटर के खिलाफ खून से पत्र लिखने का कार्यक्रम अखिलेश गुरुदेव (झांसी महानगर उपाध्यक्ष), दिनेश कुमार वर्मा (झांसी महानगर महासचिव) व शैलेन्द्र कुमार शीलू (पूर्व जिला अध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग) आदि ने आयोजित किया था। इसमें विभिन्न दलो और संगठनों के लोग मौजूद थे। पूर्व मंत्री द्वारा कोई बैनर और पोस्टर नहीं बनवाया था। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। इसके बावजूद जिलाध्यक्ष द्वारा आज पुनः एक पत्र खुद के द्वारा गठित जिला अनुशासन समिति के अध्यक्ष इदरीश खान को लिखकर पूर्व मंत्री पर पोस्टर पर राष्ट्रीय नेताओं की फोटो न लगाने का आरोप लगाकर पत्र सोशल मीडिया पर जारी किया है। इस तरह जिलाध्यक्ष खुद लगातार अनुशासनहीनता का परिचय दे रहे है। उन्होंने इदरीश खान से शिकायत की है।
जबकि सबसे बड़े अनुशासनहीन नेता वही है। वह हमेशा फोटो खिंचवाने के लिए लोगों को धक्का देते है। सीनियर होने का वास्ता देकर कार्यकर्ताओं को धमकाते है। अभी हाल ही में तीन मई को सर्किट हाउस झांसी में अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम के सामने कांग्रेस के एक प्रतिष्ठित कांग्रेस परिवार के सदस्य अखिलेश गुरुदेव के साथ अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए बदतमीजी की थी। जिलाध्यक्ष द्वारा बुंदेलखंड में पार्टी के मजबूत स्तंभ पूर्व केंद्रीय मंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, आखिर इनका उद्देश्य क्या है? पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त जिलाध्यक्ष पार्टी के अनुसूचित जाति के लोगों को भी अपमानित करते रहते हैं। जिला अध्यक्ष बने लगभग एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज तक न तो संगठन की नियमित मासिक बैठकें हुई हैं। न ही कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने का कोई प्रयास किया गया। सबसे दुखद बात यह है कि कांग्रेस कार्यालय, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने खून-पसीने और चंदा एकत्र कर तैयार किया था, वह पिछले वर्ष अगस्त माह से आज तक बंद पड़ा हुआ है। अनुसूचित मोर्चा ने जिलाध्यक्ष द्वारा की जा रही अनुशासनहीनता की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।
जिला प्रशासन समिति ने पूर्व मंत्री को भेजा कारण बताओ नोटिस
कांग्रेस जिला अध्यक्ष के पत्र पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन समिति के अध्यक्ष इदरीश खान ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को कारण बताओ नोटिस भेजा है और उसकी कॉपी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, जिला अध्यक्ष को भेजी है। नोटिस में कहा गया है कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देशराज रिछारिया संगठनात्मक एकरुपता व पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए निर्देश दिए थे कि कांग्रेस से जुड़े सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता प्रचार प्रसार सम्बंधी पोस्टर, बैनर, स्टिकर आदि पर राष्ट्रीय कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व प्रदेश प्रभारी के चित्रों का उपयोग करें।
इसके बावजूद अपने कई अवसरों पर व्यक्तिगत प्रचार को प्रमुखता देते हुए संगठन के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति को उपेक्षित किया है। यह पार्टी के निर्देशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता है। जिला प्रशासन समिति ने पूर्व मंत्री से एक सप्ताह में नोटिस का लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर आपके विरुद्ध संगठनात्मक व अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए सक्षम स्तर पर संस्तुति की जाएगी।


