TRENDING TAGS :
Jhansi News: निजी स्कूलों की मनमानी पर डीएम का बड़ा एक्शन, फीस और यूनिफॉर्म नियमों पर सख्ती
Jhansi News: झांसी में डीएम गौरांग राठी ने निजी स्कूलों की मनमानी फीस वसूली और यूनिफॉर्म बदलाव पर सख्त रुख अपनाते हुए नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए
Jhansi News
Jhansi News: जिलाधिकारी गौरांग राठी ने "जिला शुल्क नियामक समिति" के सदस्यों के साथ आयोजित बैठक में स्पष्ट किया कि जनपद के सभी निजी स्कूलों को उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम -2018 एवं उत्तर प्रदेश स्ववित्त पोषित (शुल्क विनियमन) (संशोधन) अधिनियम-2020 का कड़ाई से पालन करना होगा।मनमानी फीस वसूली या अभिभावकों पर अनुचित दबाव बनाने वाले विद्यालयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निजी विद्यालयों द्वारा अभिभावकों के आर्थिक शोषण की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बड़ा कदम उठाया है। जिले में संचालित 150 यूपी बोर्ड, 55 सीबीएसई एंव 17 आईसीएसई विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि कुछ विद्यालय ‘शिक्षा’ के मूल उद्देश्य से भटककर उसके ‘व्यवसायीकरण’ की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे सामाजिक असंतोष और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। प्रवेश शुल्क, विकास शुल्क और वार्षिक शुल्क के नाम पर हो रही अवैध वसूली अब प्रशासन की निगरानी में है।
आयोजित बैठक में एक सकारात्मक पहल के तहत जिलाधिकारी गौरांग राठी ने निर्देश दिए कि यदि छात्र अपने बड़े भाई-बहनों की पुरानी किताबों का उपयोग करना चाहते हैं, तो विद्यालय उन्हें हतोत्साहित करने के बजाय प्रोत्साहित करेंगे। इसके अलावा, स्कूल यूनिफॉर्म में अनावश्यक बदलाव पर भी रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय संचालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आयोजित बैठक से पूर्व छात्र श्रेष्ठ भार्गव को वेद उच्चारण में विश्व कीर्तिमान स्थापित किए जाने के उपलक्ष्य में जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र एंव शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा विजय शर्मा सहित समिति के पदाधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। बैठक का सफल संचालन एवं आभार व्यक्त जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा ने किया।


