TRENDING TAGS :
Jhansi News: 89 साल बाद GRP को मिला नया भवन, DG रेलवे बोले- अब ड्रोन से होगी रेल ट्रैकों की निगरानी
Jhansi News: झांसी में 89 साल बाद GRP को मिला नया थाना भवन, DG रेलवे प्रकाश डी ने उद्घाटन कर कहा- अब ड्रोन से होगी रेलवे ट्रैक की निगरानी और आएंगे श्वान दस्ते।
Jhansi News
Jhansi News: महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी ने कहा कि रेलवे ट्रैकों की निगरानी अब ड्रोन से की जाएगी। जीआरपी ने सभी छह सेक्टरों के लिए एक-एक ड्रोन खरीदने की तैयारी शुरु कर दी है। यह ड्रोन रेलवे ट्रैक से छेड़छाड़ को रोकने, पत्थरबाजी की घटनाओं व भीड़ प्रबंधन में मददगार साबित होंगे। यह बात उन्होंने जीआरपी झांसी के नवनिर्मित थाना भवन का शुभारंभ करते हुए कही है।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि महाकुंभ 2025 के सफल आयोजन को लेकर संभावित तोड़फोड़ की घटनाओं के मद्देनजर जीआरपी, आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल), स्थानीय पुलिस, गांव के चौकीदारों और रेलवे कर्मियों के साथ संयुक्त गश्त की व्यवस्था लागू की गई थी। इस व्यवस्था के तहत राज्य के 16 हजार किलोमीटर से अधिक रेल ट्रैक पर निगरानी बढ़ाई गई थी।
महानिदेशक ने बताया कि इस नवनिर्मित भवन से पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण प्राप्त होगा, जिससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक दक्षता एवं तत्परता से कर सकेंगे। यह पहल रेलवे पुलिस की कार्यक्षमता में वृद्धि करने के साथ-साथ आमजन एवं रेल यात्रियों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि झांसी, आगरा और प्रयागराज में भी खोजी (श्वान) दस्ते लाने की प्रक्रिया शुरु हो गई है। इस बारे में विचार विमर्श किया जा रहा है।
डीजी ने रेलवे पुलिस द्वारा संचालित अभियानों—'ऑपरेशन मुस्कान', 'ऑपरेशन कवच', 'ऑपरेशन सुरक्षा', 'मिशन शक्ति फेज 6.0' (महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन) तथा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जीआरपी व आरपीएफ को संयुक्त गश्त और सघन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जीआरपी के संचालन व्यय का लगभग 50 प्रतिशत रेलवे वहन करता है। केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार और रेलवे बोर्ड के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार कार्य जारी हैं। पुराने ढांचे में सुधार और नए पदों के सृजन पर भी जोर दिया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधाओं की गई समीक्षा
पुलिस महानिदेश (रेलवे) प्रकाश डी ने जीआरपी लाइन झांसी में बैठक कर स्टेशन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी और यात्रियों की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस सामान पर विशेष निगरानी रखी जाए। यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न करने पर भी जोर दिया गया। गोष्ठी में रेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा निगरानी तंत्र की समीक्षा करते हुए आधुनिक तकनीक एवं उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। तत्पश्चात निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कैम्प का शुभारंभ कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया गया।
89 साल बाद मिला नया थाना
झांसी जीआरपी को 89 साल बाद नया थाना मिला है। पांच करोड़ की लागत से बने तीन मंजिला थाना भवन बनाया गया। इसमें उपनिरीक्षकों व आरक्षियों के लिए बैरक भी बने है। इसके अलावा मैस की व्यवस्था भी है। यह थाना आधुनिक तरीके से बनाया गया है। नीचे के हिस्से में थाना, दूसरी मंजिल में आरक्षी बैरक व तीसरी मंजिल में उपनिरीक्षक की बैरक बनी हुई है।
यह अफसर रहे मौजूद
नवनिर्मित भवन थाना जीआरपी झाँसी का भव्य उद्घाटन प्रकाश डी0, पुलिस महानिदेशक, रेलवे, उ0प्र0 द्वारा फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक रेलवे एन कोलान्ची, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, एसपी रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव, 33 वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा, रेल सुरक्षा के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आय़ुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा, सीओ जीआरपी सलीम खान, आरपीएफ के सहायक कमाडेंट कृष्णानंद तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।


