TRENDING TAGS :
Jhansi News: 664 बालिकाओं को लगी HPV वैक्सीन, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग का विशेष
Jhansi News: झांसी में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत एक ही दिन में 664 बालिकाओं को वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
Jhansi News: सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए झांसी स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को बड़ी सफलता मिली है। झांसी जनपद में एक ही दिन में 664 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई, जिससे अभियान को नई गति मिली है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने दी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर आयोजित टीकाकरण सत्रों में 664 बालिकाओं को वैक्सीन लगाई गई।उन्होंने बताया कि विकासखंड बंगरा में सबसे अधिक 114 किशोरियों को 39 टीकाकरण सत्रों के माध्यम से एचपीवी का टीका लगाया गया।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी है HPV वैक्सीन
सीएमओ ने बताया कि यह वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के चार प्रमुख और खतरनाक प्रकार—टाइप 6, 11, 16 और 18—के खिलाफ प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है। भारत में सर्वाइकल कैंसर के लगभग 83 प्रतिशत मामलों के लिए एचपीवी टाइप-16 और टाइप-18 जिम्मेदार माने जाते हैं।उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
अभिभावकों से बेटियों को टीका लगवाने की अपील
डॉ. शिशिर पुरी ने सभी अभिभावकों से अपील की कि जिनकी बेटियां 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी हैं और अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, वे उन्हें एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित और प्रभावी उपाय है।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर ने बताया कि पहले एचपीवी टीकाकरण केवल जिला महिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ही किया जाता था, लेकिन अब इसे और व्यापक बनाया गया है।उन्होंने बताया कि अब एएनएम द्वारा प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को आयोजित नियमित टीकाकरण सत्रों में भी एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके अलावा प्रत्येक रविवार को आयोजित आयुष्मान आरोग्य मेले और माह की 1, 9, 16 एवं 24 तारीख को आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के दौरान भी यह टीका उपलब्ध कराया जा रहा है।
जागरूकता से मिलेगी बीमारी पर जीत
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी के मामलों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। विभाग लगातार अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।


